बेखौफ चोरों ने घर में घुस कर उड़ाया लाखों का माल,पुलिस ने ईदगाहों का किया निरीक्षण, दिए दिशा निर्देश

बेखौफ चोरों ने घर में घुस कर उड़ाया लाखों का माल
रेउसा/सीतापुर। थाने से कुछ ही दूरी पर चंद दिनों पूर्व चोरी कर भाग रहे शातिर चोर को पकड़कर ग्रामीणों ने पुलिस के हवाले किया था। जिसके कुछ ही घंटों में पुलिस को चकमा देकर हिरासत से फरार होने के बाद थानगांव क्षेत्र में बेखौफ चोरों की घटनाएं फिर सक्रिय हो गई हैं। इसी क्रम में बुधवार की रात्रि बेखौफ अज्ञात चोरों ने ग्राम मगदापुर निवासी आलोक कुमार पुत्र स्वर्गीय गुरु प्रसाद त्रिपाठी शास्त्री के घर धावा बोल दिया। और घर के पीछे लगे एक पेड़ पर चढ़कर छत के जीने से घर मे प्रवेश कर गए और मेन कमरे का ताला तोड़कर गृहस्वामी के मुताबिक बक्से में रखी रुपए 35 हजार की नगदी व तीन पीढ़ियों के पुराने सोने चांदी के कीमती जेवरातों सहित लगभग 15 लाख से अधिक कीमत की गृहस्थी चोरी कर मौके से फरार होने में सफल हो गए।
गुरुवार की सुबह गृहस्वामी की नींद खुलने पर घटना की जानकारी हुई तो परिजनों के होश उड़ गए। पीड़ित गृहस्वामी व ग्रामीणों की खोजबीन के बाद बक्से घर से कुछ दूरी पर जंगल मे खाली पड़े मिले। गृहस्वामी ने चोरी की घटना से थानगांव पुलिस को लिखित रूप से अवगत करा दिया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है। इस बावत थानाध्यक्ष थानगांव राम प्रकाश ने बताया कि चोरी की घटना घटी है। अभियोग पंजीकृत हो गया है।जांच की जा रही हैं।
पुलिस ने ईदगाहों का किया निरीक्षण, दिए दिशा निर्देश
सकरन/सीतापुर। आगामी पर्व ईद को लेकर पुलिस ने ईदगाहों का किया औचक निरीक्षण। शांति व्यवस्था पर चर्चा हुई। धर्म गुरु व सम्भ्रांत व्यक्तियों से आकस्मिक उत्पन्न होने वाली समस्याओं पर विस्तार पूर्वक चर्चा हुई। यातायात व्यवस्था को लेकर सम्बंधित को आवश्यक निर्देश दिए गए। स्थानीय थाना क्षेत्र के अंतर्गत ईदगाह कल्ली, ईदगाह नकैला, ईदगाह रकबा आदि स्थानों पर स्थित ईदगाह पर पहुंच कर संयुक्त रूप से पुलिस उपाधीक्षक बिसवां अभिषेक प्रताप सिंह अजेय व थाना प्रभारी सकरन मुकेश वर्मा ने जायजा लिया।
लोगो को सम्बोधित करते हुए सीओ ने बताया कि आपसी सौहार्द का प्रतीक यह पर्व सब लोग आपस में मिल जुल कर मनाएं तथा गांवों में सार्वजनिक जगहों गन्दगी न करें। साफ सफाई का विशेष ध्यान रखें। ईदगाह में नमाज अदा करते समय ध्यान रखें कि ईदगाह परिसर में ही नमाज अदा करें। रास्ते मे भीड़ न लगाएं। यातायात सुचारू रूप से चालू रखें। किसी प्रकार की समस्या की स्थिति में पुलिस को सूचित करें। अराजक तत्वों पर कार्यवाही की जाएगी। शांतिपूर्ण ढंग से ईद का त्योहार मनाएं। थाना प्रभारी मुकेश वर्मा ने भी लोगों से शान्ति पूर्वक त्यौहार मनाये जाने की अपील की। बताया कि जितने भी संवेदनशील इलाके हैं उनको चिन्हित कर विशेष शांति व्यवस्था स्थापित की जाएगी।