स्वस्थ श्रमिक ही समृद्ध उद्योग की नींव : कल्पना श्रीवास्तव

यू.पी. एस्बेस्टस लिमिटेड में स्वास्थ्य शिविर, 125 श्रमिकों का हुआ निःशुल्क परीक्षण
समग्र चेतना/मधुर मिश्रा
मोहनलालगंज, लखनऊ। यू.पी. एस्बेस्टस लिमिटेड परिसर में सोमवार को श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 125 श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निःशुल्क दवाएं वितरित की गईं। इस दौरान श्रमिकों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और नियमित जांच कराने के लिए प्रेरित किया गया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्साधिकारी डॉ. शुभदर्शन, फार्मासिस्ट पीएन तिवारी तथा कंपनी के चिकित्साधिकारी डॉ. ए.के. राव की देखरेख में श्रमिकों की बीपी, शुगर सहित विभिन्न सामान्य स्वास्थ्य जांच की गई। चिकित्सकों ने जांच के बाद श्रमिकों को आवश्यक चिकित्सीय परामर्श भी दिया।
इस अवसर पर क्षेत्रीय अपर श्रमायुक्त कल्पना श्रीवास्तव ने कहा कि स्वस्थ श्रमिक ही समृद्ध उद्योग की आधारशिला हैं। श्रमिकों का स्वस्थ रहना न केवल उनके परिवार, बल्कि उद्योग और समाज की खुशहाली के लिए भी आवश्यक है। उन्होंने श्रमिकों से अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने, नियमित जांच कराने और किसी भी स्वास्थ्य समस्या को नजरअंदाज न करने की अपील की। साथ ही प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी देते हुए उनका लाभ उठाने के लिए भी प्रेरित किया।
कंपनी के महाप्रबंधक जीएन श्रीवास्तव ने कहा कि श्रमिकों का स्वास्थ्य और कल्याण कंपनी की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी उद्देश्य से कंपनी परिसर में समय-समय पर स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते हैं, ताकि श्रमिकों को समय पर स्वास्थ्य जांच और चिकित्सीय परामर्श की सुविधा मिल सके। उन्होंने शिविर के आयोजन में सहयोग करने वाले चिकित्सकों और अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
शिविर के दौरान कंपनी के अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।



