एसटीएफ लखनऊ व निगोहां पुलिस की संयुक्त टीम ने महाराष्ट्र के ठाणे से 50 हजार के इनामी जालसाज को किया गिरफ्तार

समग्र चेतना/मधुर मिश्रा
मोहनलालगंज। निगोहां क्षेत्र में नक्शे पर प्लॉट बेचकर करोड़ों रुपये की ठगी करने के आरोप में वर्षों से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी जालसाज राहुल श्रीवास्तव को एसटीएफ लखनऊ और निगोहां पुलिस की संयुक्त टीम ने महाराष्ट्र के ठाणे से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम आरोपी को लखनऊ लेकर आई और न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
डीसीपी मो. मुश्ताक ने बताया कि जालसाज राहुल श्रीवास्तव निवासी रानीपुर मेहमूरगंज, थाना भेलूपुर, जनपद वाराणसी ने राजधानी लखनऊ में एक्मे इंफ्रावेंचर इंडिया प्राइवेट लिमिटेड और स्टैलियन विजन इंफ्रावेंचर प्राइवेट लिमिटेड के नाम से कई वर्ष पहले कंपनियां खोली थीं। आरोप है कि उक्त कंपनियों के नाम से निगोहां क्षेत्र में कुछ जमीन खरीदकर कागज पर साइट का नक्शा तैयार किया गया और उसके आधार पर सैकड़ों लोगों को करोड़ों रुपये के प्लॉट बेच दिए गए।
प्लॉट खरीदने वाले लोगों को तय समय पर कब्जा नहीं मिला तो पीड़ितों ने निगोहां, हजरतगंज, आशियाना समेत अन्य थानों में आरोपी के खिलाफ मुकदमे दर्ज कराए। पुलिस के अनुसार राहुल श्रीवास्तव के खिलाफ कुल 32 मुकदमे दर्ज हैं।
मुकदमे दर्ज होने के बाद राहुल श्रीवास्तव लखनऊ छोड़कर महाराष्ट्र के ठाणे में रहने लगा और वहीं अपने साथी के साथ मिलकर प्रॉपर्टी का काम करने लगा। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
बीते बुधवार को एसटीएफ लखनऊ और निगोहां पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए राहुल श्रीवास्तव को महाराष्ट्र के ठाणे से गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पुलिस उसे लखनऊ लेकर आई। पूछताछ और आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।



