बंथरा में बुजुर्ग महिला की की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

बंथरा में बुजुर्ग महिला की की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
समग्र चेतना/ राहुल तिवारी
लखनऊ। बंथरा थाना क्षेत्र में गुरुवार रात घर में अकेली रह रही बुजुर्ग महिला की चाकू से गला रेत कर हत्या कर दी गई।शुक्रवार सुबह दूध देने पहुंची गांव की महिला ने गेट पर कई बार आवाज दी, लेकिन गेट नहीं खुला और ना ही कोई जवाब मिला। तब उसने दूसरे गेट से झांक कर देखा तो बुजुर्ग महिला घर के अंदर बरामदे में चारपाई पर मृत अवस्था में पड़ी मिली। उसके पैर पर दूर से ही चोट और खून बहता नजर आ रहा था। इसके बाद घटना की जानकारी ग्रामीणों को हुई तो वहाँ भारी भीड़ लग गई। बाद में पुलिस को सूचना दी गई। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बंथरा के खुर्रमपुर गांव निवासी छेदाना(70)के पति शंकर लाल गौतम खेती किसानी करते थे। उनकी करीब 7 वर्ष पहले मौत हो चुकी है। छेदाना की दो विवाहित बेटी राम जानकी और अर्चना हैं। राम जानकी बालागंज और अर्चना ठाकुरगंज स्थित अपनी ससुराल में रहती हैं। जबकि छेदाना यहां अकेली रहती थी। छेदना गुरुवार रात करीब 9:30 बजे तक घर के बाहर लोगों को नजर आई। शुक्रवार सुबह करीब 7:30 बजे छेदाना के घर दूध देने पहुंची पड़ोसी महिला आशा ने कई बार आवाज लगाई, लेकिन न तो छेदाना के घर का गेट खुला और ना ही अन्दर से कोई जवाब मिला। आशा ने दूसरे गेट से झांककर देखा तो छेदाना बरामदे में चारपाई पर अस्त व्यस्त व लहूलुहान हालत में मृत पड़ी थीं। उनके दाहिने पैर पर गंभीर घाव और उससे खून बहता दिख रहा था। इसके बाद आशा ने ग्रामीणों को बताया तो भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। बाद में घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पाकर बंथरा प्रभारी निरीक्षक राणा राजेश सिंह पुलिस टीम के साथ पहुंचे और जाँच पड़ताल शुरू की।
मृतका का गला धारदार हथियार से रेता होने के साथ दोनों गालों के किनारे, दाहिने पैर में गांठ के नीचे और दाहिने हाथ की हथेली पर भी चाकू के निशान मिले। उसके कपड़े अस्त-व्यस्त थे। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि मृतका ने घटना के दौरान काफी संघर्ष किया होगा। वहीं फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। जहाँ जांच के दौरान शव से करीब पांच फीट दूर जमीन पर सब्जी काटने वाला एक चाकू पड़ा मिला। जबकि दूसरी चाकू चारपाई पर तकिये के नीचे रखी मिली। दोनों चाकुओं को फॉरेंसिक टीम ने अपने कब्जे में ले लिया।
साथ ही फॉरेंसिक टीम ने कई अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। उधर बाद में घटना की सूचना पाकर पहुंचे एसीपी कृष्णानगर अभिषेक कुमार पांडे, एडीसीपी दक्षिणी रल्लापल्ली वसंथ कुमार और डीसीपी दक्षिणी मोहम्मद मुश्ताक ने भी मौके का निरीक्षण किया। साथ ही डॉग स्क्वायड टीम भी बुलाई गई। डॉग स्क्वायड का खोजी कुत्ता घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर पूरब दिशा में कच्चे रास्ते से होते हुए एक बाग तक पहुंचा और वहीं रुक गया।
वहीं मृतका की बड़ी बेटी राम जानकी ने बताया कि उनकी मां गले में सोने की चेन, कानों में झुमकी और पैरों में पायल पहनती थीं, लेकिन घटना के बाद ये आभूषण दिखाई नहीं दिए।उधर मृतका के दो देवर हैं। जिसमें अमृतलाल आरटीओ विभाग से प्रवर्तन सिपाही पद से रिटायर्ड होने के बाद आशियाना में परिवार सहित रहते हैं। जबकि नंदकिशोर जौनपुर में डिप्टी जेलर पद पर हैं और उनका परिवार पारा थाना क्षेत्र में सरोसा के पास रहता है।
फिलहाल मृतका के देवर अमृतलाल की तहरीर पर बंथरा पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस प्रॉपर्टी सहित कई अन्य बिंदुओं को लेकर मामले की जांच कर रही है। डीसीपी दक्षिणी मोहम्मद मुश्ताक ने बताया कि घर का सामान व्यवस्थित मिला है। छत के रास्ते घर में प्रवेश कर वारदात किए जाने की आशंका है। फॉरेंसिक टीम ने महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। घटना के खुलासे के लिए चार टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही इसका खुलासा कर दिया जाएगा।



