सरोजनीनगर में साइबर जालसाजों ने पीड़ित के खाते से उड़ाए तीन लाख

समग्र चेतना/ राहुल तिवारी
लखनऊ। सरोजनीनगर थाना क्षेत्र में साइबर जालसाजों ने बीते दिनों गैस कनेक्शन कटने से बचाने के नाम पर एक व्यक्ति के खाते से 2.92 लाख रुपये पार कर दिए।
खुद के साथ ठगी होने की भनक लगने पर पीड़ित ने इसकी शिकायत साइबर सेल में की। सरोजनीनगर के भूकंत विहार स्थित एडब्ल्यूएचओ कॉलोनी, शहीदपथ ट्रांसपोर्ट नगर निवासी यश रजानी के मुताबिक उनके मोबाइल पर 10 सितंबर को 9162808369 व्हाट्सएप नंबर से मैसेज आया। जिसमें मैसेज करने वाले ने गैस कनेक्शन कटने से बचाने के लिए दिए गए मोबाइल नंबर पर कॉल कर बिल अपडेट कराने को कहा।
यश का कहना है कि उसने मैसेज में दिए नंबर पर संपर्क किया तो कॉल रिसीव करने वाले जालसाज ने उसे ग्रीन गैस का ऐप इंस्टॉल कराया। ऐप इंस्टॉल करने के कुछ देर बाद ही उसके बैंक खाते से 2.20 लाख रुपये और 72,859.69 रुपये की निकासी हो गई। जबकि पीड़ित का कहना है कि उसने किसी को ओटीपी साझा नहीं किया था।
बाद में जब उसे खुद के साथ ठगी होने की भनक लगी तो उसने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद सरोजनीनगर थाने में मामले की तहरीर दी। फिलहाल पीड़ित की तहरीर पर सरोजनीनगर पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर मोबाइल नंबर के आधार पर साइबर सेल की मदद से आरोपियों का पता लगाने में जुटी है।



