सर्प दंश से किसान की मौत

समग्र चेतना/ राहुल तिवारी
लखनऊ। बिजनौर थाना क्षेत्र में बीती रात खेत में सिंचाई के दौरान एक किसान को जहरीले सांप ने काट लिया। गंभीर अवस्था में परिजन उसे सिविल अस्पताल ले गए। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बिजनौर के गढ़ी-मवैया गांव निवासी किसान रामआसरे (35) गुरुवार रात धान की फसल की सिंचाई करने के लिए खेत गए थे।
तभी सिंचाई के दौरान नींद आने पर वह खेत के पास ही सो गए। इसी बीच वहां पहुंचे सांप ने उनके कान में काट लिया। सांप के काटने का एहसास होने पर रामआसरे घबराकर घर पहुंचे और परिजनों को पूरी घटना बताई। इसके बाद कुछ ही देर में राम आसरे की हालत बिगड़ने लगी। इसके बावजूद परिजन उन्हें अस्पताल ले जाने के बजाय रातभर झाड़-फूंक कराते रहे। बाद में हालत में सुधार न होने पर शुक्रवार सुबह उनकी तबीयत और बिगड़ गई।
इसके बाद परिजन रामआसरे को इलाज के लिए सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां अस्पताल में चिकित्सकों ने उनका इलाज शुरू किया, लेकिन इलाज के दौरान रामआसरे ने दम तोड़ दिया। मृतक के परिवार में उसकी पत्नी अंजू के अलावा एक बेटा और एक बेटी है।




