महिला मोर्चा द्वारा आयोजित किया गया क्षेत्रीय प्रशिक्षण वर्ग

बिसवां/सीतापुर। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा द्वारा क्षेत्रीय प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन बिसवां के कनुप्रिया रिसार्ट परिसर में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश उपाध्यक्ष कल्पना तिवारी ने पण्डित दीन दयाल उपाध्याय व श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर द्वीप प्रज्ज्वलित करते हुए कहा कि भारत मां के चरणों में रहकर महिलाओं ने बराबर का योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि भगवान ने सभी को बराबरी का दर्जा दिया है। मां की शक्ति परम् पूज्य हैं। मां ही राष्ट्र का निर्माण करने में अपनी अहम भूमिका निभाती है। महिलाओं ने कई आयाम स्थापित किए हैं।
हर क्षेत्र में सफलता प्राप्त कर रही है। भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है। इसके लिए महिलाओं ने अहम भूमिका निभाई है। भारत सोने की चिड़िया हुआ करता था। उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा आया कि घूंघट डालना भय के चलते समाज में आया और प्रथा बन गया। उस दौरान ही महिलाओं को लेकर सम्मान में कमी आई। उन्होंने कहा कि परिवार अच्छा रहेगा, तो समाज अच्छा रहेगा, समाज अच्छा रहेगा तो देश अच्छा रहेगा।
उन्होंने सुषमा स्वराज सहित तमाम महिलाओं का उदाहरण प्रस्तुत किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष कंचन प्रभा पाण्डेय ने की। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक राष्ट्रवादी राजनीतिक दल है, जो भारत को एक सुदृढ़, समृद्ध एवं शक्तिशाली राष्ट्र के रूप में विश्व पटल पर स्थापित करने के लिए कृतसंकल्प है। उन्होंने राष्ट्र निर्माण में महिलाओं का योगदान ओर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारी मौजूद रही।




