टीजीटी में चयन के साथ हिंदी के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान, निगोहां के मुकेश मिश्र को मिला ‘सारस्वत शिखर सम्मान

प्रयागराज में आयोजित भव्य समारोह में अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह व प्रमाण-पत्र देकर किया गया सम्मानित——
समग्र चेतना/ मधुर मिश्रा
निगोहां, लखनऊ। मोहनलालगंज विकासखंड के निगोहां गांव निवासी मुकेश मिश्र ने क्षेत्र का नाम रोशन किया है। प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (TGT) पद पर चयनित होने के साथ ही हिंदी भाषा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए उन्हें प्रतिष्ठित ‘सारस्वत शिखर सम्मान’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान गुरुवार को प्रयागराज में हिंदी संसार ऑनलाइन संस्थान की ओर से आयोजित भव्य सम्मान समारोह में प्रदान किया गया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में देश के प्रख्यात हिंदी व्याकरणवेत्ता आचार्य पं. पृथ्वीनाथ पांडेय मौजूद रहे। उनकी गरिमामयी उपस्थिति में हिंदी संसार ऑनलाइन संस्थान के निदेशक डॉ. अशोक स्वामी ने मुकेश मिश्र को अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। सम्मान मिलने पर समारोह में मौजूद शिक्षकों एवं अभ्यर्थियों ने तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।
सैकड़ों नवचयनित शिक्षक व अभ्यर्थी रहे मौजूद——
सम्मान समारोह में उत्तर प्रदेश समेत देश के विभिन्न राज्यों से TGT, PGT और DSSSB सहित विभिन्न प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में चयनित हुए सैकड़ों शिक्षक एवं अभ्यर्थी शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि आचार्य पं. पृथ्वीनाथ पांडेय ने नवचयनित शिक्षकों एवं अभ्यर्थियों को हिंदी व्याकरण के सूक्ष्म नियमों, भाषा की शुद्धता तथा प्रभावी एवं शुद्ध लेखन की बारीकियों की जानकारी दी। उन्होंने हिंदी भाषा के प्रति विद्यार्थियों और शिक्षकों की जिम्मेदारियों पर भी प्रकाश डाला।संस्थान के निदेशक डॉ. अशोक स्वामी ने बताया कि हिंदी संसार ऑनलाइन संस्थान के माध्यम से अब तक हजारों अभ्यर्थियों का TGT, PGT, DSSSB और असिस्टेंट प्रोफेसर जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाओं में चयन हो चुका है। उन्होंने बताया कि बिहार, उत्तर प्रदेश, दिल्ली सहित कई राज्यों में संस्थान से प्रशिक्षण प्राप्त अभ्यर्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम रैंक तक हासिल की है।
उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन देने के साथ-साथ हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार एवं शुद्ध हिंदी लेखन को बढ़ावा देना भी है। इसी क्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों एवं अभ्यर्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया जाता है।
समारोह में आकाशवाणी की सहायक निदेशक नेहा गुप्ता, दूरदर्शन प्रयागराज के प्रमुख कार्यक्रम अधिकारी डॉ. लोकेश शुक्ल, सीएमपी कॉलेज की प्रो. सरोज सिंह, साहित्य शिल्पी एवं समीक्षक श्रीप्रकाश मिश्र, प्रवक्ता मनोज स्वामी समेत संस्थान के अधिकारी-कर्मचारी तथा उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से आए शिक्षक एवं अभ्यर्थी मौजूद रहे।मुकेश मिश्र को मिले इस सम्मान की जानकारी मिलते ही निगोहां क्षेत्र के शिक्षकों, साहित्यकारों, समाजसेवियों एवं ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई। लोगों ने उनकी उपलब्धि को क्षेत्र के लिए गौरव बताते हुए उन्हें बधाई दी। शुभचिंतकों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर शिक्षा एवं हिंदी भाषा के क्षेत्र में मुकेश मिश्र द्वारा हासिल की गई उपलब्धि युवाओं के लिए प्रेरणादायी है। लोगों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शिक्षा और हिंदी भाषा के क्षेत्र में इसी तरह निरंतर योगदान देने की शुभकामनाएं दीं।




