सरोजनीनगर थाने से चोरी हुई होमगार्ड की बाइक

थाने को भी नही बख्श रहे चोर
राहुल तिवारी
लखनऊ। राजधानी में इस समय चोरों का बोलबाला है। वह कहीं और कभी भी बेखौफ होकर चोरी की घटना अंजाम देते रहते हैं। लेकिन पुलिस ऐसी घटनाएं रोकने में नाकामयाब नजर आती है। मंगलवार रात भी बेखौफ चोरों ने सरोजनीनगर थाना परिसर में घटना अंजाम दे दी।
बेखौफ चोर यहां थाना परिसर में खड़ी होमगार्ड जवान की हीरो सीडी डीलक्स बाइक आराम से उठा ले गए पर पुलिस को भनक तक नहीं लग सकी। जानकारी होने के बाद पीड़ित होमगार्ड जवान ने पुलिस को मामले से अवगत कराया। फिलहाल पुलिस तहरीर लेकर चोरों का सुराग लगा रही है।
बंथरा के गढ़ी चुनौटी निवासी होमगार्ड जवान सुदर्शन की माने तो वह बुधवार देर शाम सरोजनीनगर थाने में ड्यूटी करने आया था। थाने पर तैनात सुदर्शन की ड्यूटी रात 9 बजे से थी। जिसकी वजह से वह अपनी हीरो सीडी डीलक्स (यूपी 32 सीके 0046) बाइक लेकर थाने पहुंचा और परिसर में ही बाइक खड़ी कर दी। बाद में वह थाने के अंदर ड्यूटी करने चला गया। काफी देर तक थाने में ड्यूटी करने के बाद रात करीब 12 बजे जब वह गश्त पर जाने के लिए बाइक के पास पहुंचा, तो वहां से उसकी बाइक गायब मिली। थाना परिसर से बाइक गायब देख उसके होश उड़ गए।
आनन फानन उसने थाने पर मौजूद पुलिस कर्मियों को इस से अवगत कराया। लेकिन इसके बावजूद उसकी बात को गंभीरता से नहीं लिया गया। फिलहाल पुलिस सुदर्शन से तहरीर लेकर चोरों का सुराग लगा रही है।




