उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़लखनऊसमग्र समाचार

जैतीखेड़ा ग्राम सभा में लोगों की जान जोखिम में डालकर बांस बल्ली पर हो रही विद्युत सप्लाई

जैतीखेड़ा ग्राम सभा में लोगों की जान जोखिम में डालकर बांस बल्ली पर हो रही विधुत सप्लाई

समग्र चेतना/ राहुल तिवारी

 

लखनऊ। बंथरा थाना क्षेत्र के जैती खेड़ा विद्युत उपकेंद्र से जुड़े कुरौनी गांव में मौर्य आटा चक्की के पास रखे 250 केवीए ट्रांसफॉर्मर से गांव को जाने वाली 440 वोल्ट की विद्युत सप्लाई कई महीनों से जर्जर और खुले तारों के सहारे जमीन पर चल रही है। स्थिति यह है कि यह तार जमीन से बमुश्किल 4 – 5 फीट की ऊंचाई पर होंगे। इससे ग्रामीणों के साथ-साथ मवेशियों की सुरक्षा पर भी गंभीर खतरा बना हुआ है।

बारिश के मौसम में स्थिति और अधिक चिंताजनक हो गई है। ग्रामीणों का कहना है कि विद्युत लाइन को जमीन से हटाकर खंभों के माध्यम से सुरक्षित तरीके से लगाने के लिए कई बार बिजली विभाग के जेई और एसडीओ से फोन के माध्यम से शिकायत की जा चुकी है। इसके बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया।

यहाँ एबीसी लाइन भी कई स्थानों पर जमीन पर पड़ी हुई है, जिससे किसी भी समय करंट की चपेट में आने से बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों ने बताया कि हाल ही में कुरौनी गांव के मजरा गौरी शंकर खेड़ा में विद्युत लाइन की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो चुकी है।

इस घटना के बावजूद बिजली विभाग द्वारा जमीन पर पड़ी विद्युत लाइन को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। जिससे विद्युत विभाग के प्रति ग्रामीण काफी नाराज हैं। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि मौके का तत्काल निरीक्षण कर जर्जर एवं खुले तारों को हटाया जाए और विद्युत लाइन को खंभों के माध्यम से सुरक्षित तरीके से व्यवस्थित कराया जाए, जिससे कि किसी और व्यक्ति या पशु की जान खतरे में न पड़े।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते विद्युत लाइन को दुरुस्त नहीं किया गया और कोई हादसा हुआ तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।

Related Articles

Back to top button
Close