राष्ट्र प्रथम की सोच के साथ आगे बढ़ें युवा : आराधना मिश्रा

मोहनलालगंज के अम्बालिका इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी में आयोजित दो दिवसीय युवा संसद-2026 का हुआ समापन, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राएं सम्मानित
समग्र चेतना/ राहुल तिवारी
मोहनलालगंज।मोहनलालगंज के अम्बालिका इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी में विद्यार्थी विकास परिषद की ओर से आयोजित दो दिवसीय युवा संसद-2026 का शनिवार को समापन हुआ। ‘एक विश्व, एक आवाज, अनगिनत दृष्टिकोण’ विषय पर आयोजित राष्ट्रीय स्तर के सम्मेलन में छात्र-छात्राओं ने विभिन्न वैश्विक मुद्दों पर अपने विचार रखे। विद्यार्थियों ने वाद-विवाद, तर्क-वितर्क, कूटनीति और नेतृत्व क्षमता का प्रभावी प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा दिखाई।समापन समारोह की मुख्य अतिथि विधायक एवं अम्बालिका संस्थान की उपाध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने कहा कि आज के युवाओं को ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
देश को आत्मनिर्भर और मजबूत बनाने में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि युवा केवल नौकरी पाने की सोच तक सीमित न रहें, बल्कि नौकरी मांगने वाले बनने के बजाय रोजगार देने वाले उद्यमी बनने का लक्ष्य रखें। युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और नए विचार ही देश को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि युवा संसद जैसे आयोजन विद्यार्थियों के व्यक्तित्व को निखारने के साथ उनमें नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने का साहस और विभिन्न विषयों पर तार्किक ढंग से अपनी बात रखने का आत्मविश्वास पैदा करते हैं। विद्यार्थियों को वैश्विक घटनाक्रमों को समझने के साथ देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को भी समझना चाहिए।
विशिष्ट अतिथि संस्थान के न्यासी नंदजा मिश्रा और राघव मिश्रा ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को कक्षा की पढ़ाई से आगे बढ़कर वास्तविक परिस्थितियों को समझने और चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार करते हैं।दो दिवसीय सम्मेलन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मुख्य अतिथि आराधना मिश्रा ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। आस्था अग्रवाल, अरुणा पाल, आदित्य राय और अखिल बाजपेयी को युवा संसद में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए विजेता पुरस्कार प्रदान किया गया।
वहीं बेहतर समाचार प्रस्तुति के लिए महिमा सिंह तथा उत्कृष्ट छायांकन केड लिए नूर अख्तर को विशेष पुरस्कार दिया गया।संस्थान के महानिदेशक प्रो. एस.क्यू. अब्बास, निदेशक प्रो. आशुतोष द्विवेदी और अपर निदेशक प्रो. श्वेता मिश्रा ने अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे मंच युवाओं को भविष्य की जिम्मेदारियों के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम का संचालन शैक्षणिक अधिष्ठाता प्रो. अभिषेक मिश्रा और विद्यार्थी विकास परिषद की संयोजक प्रिया वर्मा ने किया। आयोजन को सफल बनाने में निदा इकबाल, अरुणिमा सिंह और अमित श्रीवास्तव का विशेष योगदान रहा।



