बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे सर्विस रोड से अवैध शराब सहित एक युवक गिरफ्तार, 19 क्वार्टर बरामद

जालौन। अवैध शराब की तस्करी और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत छिरिया मलकपुरा चौकी पुलिस ने एक युवक को देशी शराब के क्वार्टरों के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, छिरिया मलकपुरा चौकी प्रभारी आलोक पाल को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे की सर्विस रोड स्थित ग्राम मलकपुरा के पास एक संदिग्ध युवक नशीला पदार्थ लेकर गुजरने वाला है। सूचना पर त्वरित संज्ञान लेते हुए चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस को देखकर संदिग्ध युवक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। पकड़े गए युवक की पहचान नीलेश कुमार पुत्र रमेश कठेरिया, निवासी ग्राम अमखेड़ा के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 19 क्वार्टर देशी शराब बरामद की गई। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह यह शराब अवैध रूप से बेचने के लिए ले जा रहा था। पुलिस ने शराब को जब्त कर आरोपी नीलेश के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।




