पुलिस मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी बदमाश घायल, गिरफ्तार

जालौन पुलिस और एक बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें जवाबी कार्रवाई के दौरान पैर में गोली लगने से बदमाश घायल हो गया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है ,,,,
पुलिस के अनुसार, नगर जालौन से कोंच जाने वाले मार्ग स्थित कुंदनपुरा कच्चे रास्ते पर मंगला नाले के पास चेकिंग के दौरान संदिग्ध को रोकने का प्रयास किया गया। इस पर उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस द्वारा की गई आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लगी और वह पकड़ा गया।
पकड़े गए अभियुक्त की पहचान आजाद पुत्र कल्लू, निवासी थाना अजीतमल, जनपद औरैया के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था और वह चोरी व टप्पेबाजी के मामलों में वांछित चल रहा था। हाल ही में जालौन नगर में एक महिला से हुई टप्पेबाजी की घटना में भी पुलिस इसकी संलिप्तता बता रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) डॉ. ईशान सोनी मौके पर पहुंचे। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटी है।




