विधिक सेवा शिविर संपन्न: ग्रामीणों को मिली कानूनी सलाह और सरकारी योजनाओं की जानकारी

जालौन। ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने तथा शासन की जनकल्याणकारी नीतियों का सीधा लाभ दिलाने के उद्देश्य से एक विशेष पहल की गई। इसी क्रम में प्राथमिक विद्यालय परिसर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में विधिक सहायता एवं लघु सेवा शिविर का आयोजन हुआ। शिविर में ग्रामीणों को निःशुल्क विधिक परामर्श देने के साथ-साथ विभिन्न विभागों की योजनाओं से अवगत कराया गया।
यह आयोजन न्यायिक मजिस्ट्रेट एवं सिविल जज (जूनियर डिवीजन) जावेद खान की अध्यक्षता तथा तहसीलदार अभिनव तिवारी के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। शिविर में प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों को महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। मुख्य अतिथि तहसीलदार अभिनव तिवारी ने प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री आवास योजना तथा दुर्घटना राहत योजना सहित कई कल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। वहीं बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की सुपरवाइजर निहारिका गौतम ने कुपोषण की रोकथाम, गर्भवती महिलाओं की देखभाल और आंगनबाड़ी केंद्रों द्वारा मिलने वाली सुविधाओं पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का संचालन कर रहे अधिवक्ता प्रदीप कुमार ने बताया कि आमजन की समस्याओं के समाधान और विधिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए 1 नवंबर 2026 (रविवार) को सुबह 10 बजे राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई के गेट नंबर-1 पर एक विशाल ‘मेगा विधिक सेवा एवं सहायता शिविर’ का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से अधिक संख्या में पहुंचकर इस मेगा शिविर का लाभ उठाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर अधिवक्ता सुभान खान, सहायक अध्यापिका पूनम, लेखपाल सुधा अग्रवाल, अधिवक्ता जितेंद्र यादव, , यासीन, विजेंद्र, पीएलवी विपिन बुधौलिया, योगेश श्रीवास्तव, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि लालजी मिश्रा तथा हरिनारायण मिश्रा सहित कई ग्रामीण उपस्थित रहे।




