उत्तर प्रदेशलखनऊसमग्र समाचार

व्यापारियों के धान खरीदने से इनकार पर भड़के किसान, जाम की चेतावनी; शुक्रवार को उठान के लिए बंद रहेगी मंडी

जालौन। नवीन गल्ला मंडी में धान की खरीद को लेकर गुरुवार सुबह उस समय अफरातफरी मच गई, जब व्यापारियों ने किसानों का धान खरीदने से मना कर दिया। इससे नाराज किसान आक्रोशित हो गए और मंडी के सामने जाम लगाने की बात कहने लगे। मौके पर पहुंचे एसडीएम ने किसानों और व्यापारियों को समझाया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हुई।

नवीन गल्ला मंडी में इन दिनों धान की आवक हो रही है। जालौन क्षेत्र से ही नहीं बल्कि राठ, हमीरपुर तक से किसान धान बेचने के लिए गल्ला मंडी में ट्रैक्टरों पर धान लादकर पहुंच रहे हैं। जिसके चलते दो दिनों से मंडी के अंदर जाम की स्थिति बनी हुई है। अधिक मात्रा में धान आने से और उसका उठान न होने से व्यापारियों के पास भी अब धान रखने के लिए अधिक जगह नहीं बची है। जिसके चलते गुरुवार सुबह व्यापारियों ने मंडी में धान बेचने आए किसानों का धान खरीदने से मना कर दिया। धान खरीदने से मना किए जाने की बात पता चलते ही मंडी में अफरातफरी का माहौल हो गया और किसान आक्रोशित होकर मंडी के सामने जाम लगाने की बात कहने लगे।

इसकी जानकारी होने पर मंडी सचिव अंकित गुप्ता और एसडीएम राकेश सोनी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने दोनों पक्षों से अलग-अलग वार्ता की। जहां व्यापारियों ने अपनी समस्याओं के बारे में बताया, तो वहीं किसानों ने कहा कि वे माल लेकर आ गए हैं, भाड़ा और डीजल खर्च हुआ है। अब उनका धान खरीदे जाने से इनकार किया जा रहा है, जिससे उनका नुकसान होगा।
दोनों पक्षों को सुनने के बाद एसडीएम ने व्यापारियों से जो माल मंडी में आ चुका है उसे खरीदने के लिए कहा, साथ ही शुक्रवार को मंडी बंद रखकर माल का उठान कराने की बात कही। जिसके बाद दोनों पक्ष तैयार हो गए। गल्ला व्यापार कल्याण समिति के अध्यक्ष प्रेमदास गुप्ता ने बताया कि शुक्रवार को मंडी में रखे हुए माल का उठान होगा, उसके बाद शनिवार से पुनः धान की खरीद की जाएगी। उन्होंने शुक्रवार को किसानों से मंडी न आने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button
Close