उत्तर प्रदेशलखनऊ

सीसीएस एयरपोर्ट पर यात्रियों को सुविधा के लिए समांतर टैक्सी ट्रैक का हो रहा है विकास

समग्र चेतना/ राहुल तिवारी

लखनऊ। राजधानी के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर विमानों की आवाजाही सुगम बनाने और उड़ानों के समयबद्ध संचालन में सुधार के लिए समानांतर टैक्सी ट्रैक का विकास किया जा रहा है। इसी को लेकर बुधवार को 2,864 मीटर लंबे टैक्सी ट्रैक के 804 मीटर के प्राथमिकता वाले हिस्से का उद्घाटन किया गया। एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि यह हिस्सा बुधवार रात 12 बजे से विमानों के परिचालन के लिए उपलब्ध होगा।

उन्होंने बताया कि परियोजना का शेष कार्य पूरा होने के बाद मार्च 2027 के अंत तक उसका उद्घाटन किए जाने की योजना है। एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के समन्वय से विकसित किए जा रहे इस टैक्सी ट्रैक से विमानों के संचालन में तेजी आने की उम्मीद है। इसके शुरू होने से लैंडिंग के बाद विमानों को रनवे पर अधिक देर तक रुकने के बजाय सीधे टैक्सी ट्रैक पर लाया जा सकेगा। इससे रनवे पर विमानों के रहने का समय कम होगा और अन्य उड़ानों के संचालन में भी सहूलियत मिलेगी। गौरतलब है कि लखनऊ एयरपोर्ट से नियमित वाणिज्यिक उड़ानों के अलावा सामान्य विमानन और गैर-निर्धारित उड़ानों का भी संचालन होता है। खराब मौसम या परिचालन संबंधी व्यवधानों के दौरान दूसरी जगहों से डायवर्ट होकर आने वाली उड़ानों के लिए भी यह एयरपोर्ट महत्वपूर्ण है। एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक समानांतर टैक्सी ट्रैक से एयरपोर्ट की परिचालन क्षमता बढ़ने के साथ भविष्य में बढ़ते हवाई यातायात को संभालने में भी मदद मिलेगी।

Related Articles

Back to top button
Close