उत्तर प्रदेशलखनऊ

देर रात अज्ञात कारणों से आग का गोला बनी ट्रेवल्स की बस, बड़ा हादसा टला

जालौन। वाहनों में अचानक आग लगने और दुर्घटनाओं के मामले लगातार सामने आ रहे हैं, जिससे क्षेत्र में भय और अफरा-तफरी का माहौल बन जाता है। इस प्रकार की अचानक होने वाली घटनाओं में समय रहते राहत व बचाव कार्य शुरू न हो तो भारी जन-धन के नुकसान की आशंका बनी रहती है।

ऐसा ही एक ताजा मामला जालौन कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भदवां से सामने आया है, जहां देर रात उस समय हड़कंप मच गया जब गांव के किनारे खड़ी एक यात्री बस में अज्ञात कारणों से अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की विकराल लपटों ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और बस धू-धू कर जलने लगी। प्राप्त जानकारी के अनुसार आयुष ट्रैवल्स की एक यात्री बस भदवां गांव के किनारे सड़क पर खड़ी हुई थी।

देर रात बस से अचानक आग की ऊंची लपटें उठती देख आसपास के ग्रामीणों में चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने बिना देर किए घटना की सूचना स्थानीय पुलिस और अग्निशमन विभाग को दी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

राहत की बात यह रही कि घटना के समय बस के भीतर कोई भी सवारी मौजूद नहीं थी, जिसके चलते एक बड़ा और दर्दनाक हादसा होने से टल गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। वहीं आग किन परिस्थितियों में और किस वजह से लगी, इसकी सत्यता का पता लगाने के लिए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है, जिसके बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

Related Articles

Back to top button
Close