पुण्य तिथि पर याद किए गए पूर्व पीएम राजीव गांधी

सीतापुर। शहर कांग्रेस कार्यालय घण्टा घर पर शहर अध्यक्ष सन्तोष भार्गव के नेतृत्व में देश में आधुनिकता के प्रतीक पुरुष, उन्नति और नवनिर्माण के पर्याय, पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न स्व. राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित कर शहर अध्यक्ष सन्तोष भार्गव ने कहा कि राजीव जी ने युवा प्रधानमंत्री के रूप में देश की बागडोर संभाली। उनकी नवोन्मेषी और दूरदर्शी युवा सोच के कारण भारत में सूचनाक्रांति आई जिसने देश को एक नई गति और दिशा दी।
उनकी पहल के प्रभाव के रूप में आज हम ई-प्रशासन का वर्तमान स्वरूप और शासकीय कामकाज में पारदर्शिता देख पा रहे हैं। डिजिटल इंडिया की नींव राजीव जी के कार्यकाल में ही रख दी गई थी। राजीव जी ने ही पंचायती राज संस्थाओं और नगरीय निकायों को अधिकार संपन्न बनाकर देश की नींव मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने मतदान की आयु 21 से घटाकर कर 18 वर्ष में ही युवाओं को मत देने का अधिकार दिलाया। विज्ञान और तकनीकी को बढ़ावा देकर उन्होंने देश में उद्योगों के लिए नए रास्ते खोले।
वास्तव में राजीव जी आधुनिक भारत के स्वप्नदृष्टा थे। राजीव जी आतंकवाद के आगे नहीं झुके और देश के लिए अपने प्राणों की भी परवाह नहीं की। उनके सम्मान में और उनको श्रद्धांजलि देने के लिए उनकी पुण्यतिथि 21 मई को पूरा देश आतंकवाद विरोधी दिवस के रूप में मनाता है। आतंकवाद, नक्सलवाद, भ्रष्टाचार की जड़ें समाप्त कर देश और प्रदेश में प्रगति के लिए सबका संकल्प और कार्य ही राजीव जी को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। प्रमुख रूप से पीसीसी सदस्य अल्पना सिंह, शैलेन्द्र सिंह, कयूम अंसारी, संजय दीक्षित, राजेन्द्र निगम, उपदेश गुप्ता, संजय सनी, अमर सिंह राना, शबनम, पीयूष मिश्रा, अजय पटेल, राजेन्द्र सिंह, शरवन राठौर, गुरुशरण, रामखेलावन प्रजापति आदि काँग्रेस जन उपस्थित रहे।




