कई जिलों और पुलिस कमिश्नरेट में बदले गए अधिकारी, डीएसपी और सहायक पुलिस आयुक्त स्तर पर हुआ व्यापक प्रशासनिक बदलाव
लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 144 पुलिस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। जारी स्थानांतरण सूची में पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) और सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) स्तर के अधिकारियों को नई तैनाती दी गई है। इस फेरबदल के तहत प्रदेश के विभिन्न जिलों, पुलिस कमिश्नरेट और पुलिस की विशेष इकाइयों में अधिकारियों के कार्यक्षेत्र बदले गए हैं।
तबादला सूची के अनुसार कई अधिकारियों को एक जिले से दूसरे जिले में भेजा गया है, जबकि कुछ अधिकारियों को पुलिस कमिश्नरेट से जिलों में और जिलों से कमिश्नरेट में तैनाती दी गई है। इसके अलावा पीएसी वाहिनियों, पुलिस अकादमी, सुरक्षा मुख्यालय, एसटीएफ और अन्य विशेष इकाइयों में भी अधिकारियों की नई जिम्मेदारियां तय की गई हैं।
कई जिलों में बदले डीएसपी
तबादला सूची में प्रमुख रूप से श्री श्रोतिभ कुमार को बुलंदशहर से कानपुर देहात, श्री सुजीत कुमार दुबे को लखनऊ कमिश्नरेट से अयोध्या, श्री शुभम तोड़ी को आजमगढ़ से संभल, श्री महेंद्र कुमार शुक्ला को अयोध्या से महोबा और श्री रवि कुमार गुप्ता को प्रयागराज कमिश्नरेट से गोंडा भेजा गया है।
इसी क्रम में श्री नीलैश मिश्रा को बरेली से गोरखपुर, श्री आशुतोष तिवारी को अयोध्या से हरदोई और श्री राजेश सिंह को बिजनौर से हरदोई में नई तैनाती दी गई है।
कमिश्नरेट और विशेष इकाइयों में भी बदलाव
सूची में लखनऊ, प्रयागराज, आगरा, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर और वाराणसी कमिश्नरेट में भी अधिकारियों के कार्यक्षेत्र बदले गए हैं। पीएसी, पुलिस प्रशिक्षण संस्थानों और अन्य विशेष इकाइयों में भी नई तैनातियां की गई हैं।
इस प्रशासनिक फेरबदल से प्रदेश के कई जिलों की पुलिस व्यवस्था में बदलाव देखने को मिलेगा।
समग्र चेतना ने उठाए थे सवाल
एक ही कुर्सी पर वर्षों से जमे अधिकारियों के स्थानांतरण का मुद्दा उठाया था समग्र चेतना ने, 16 नवंबर की खबर के बाद 22 नवंबर को जारी हुई तबादला सूची
समग्र चेतना ने 16 नवंबर को प्रकाशित अपनी खबर में पुलिस विभाग में वर्षों से एक ही कुर्सी पर जमे अधिकारियों के कार्यकाल और स्थानांतरण व्यवस्था पर सवाल उठाए थे। खबर के माध्यम से शासन और पुलिस विभाग का ध्यान इस ओर आकर्षित किया गया था कि प्रशासनिक व्यवस्था में पारदर्शिता और कार्यक्षमता बनाए रखने के लिए समय-समय पर अधिकारियों के स्थानांतरण जरूरी हैं समग्र चेतना की खबर के छह दिन बाद, 22 नवंबर को पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल हुआ। जारी आदेश में 144 पुलिस अधिकारियों के स्थानांतरण किए गए। इस सूची में पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) और सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) स्तर के अधिकारियों को एक स्थान से दूसरे स्थान पर नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। तबादला सूची में प्रदेश के विभिन्न जिलों के साथ लखनऊ, प्रयागराज, आगरा, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर और वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट के अधिकारियों के नाम भी शामिल हैं। इसके अलावा पीएसी, पुलिस प्रशिक्षण संस्थानों और विभिन्न विशेष इकाइयों में भी तैनाती बदली गई है।
पीएसी में तबादलों की बारी कब? ताकत और पहुंच के दम पर वर्षों से कुर्सियों पर कब्जा!

