मधुमक्खियों के संग भरी तरक्की की उड़ान

Uncategorized
डॉ सुयश नारायण
डाॅ. सुयश नारायण मिश्रा
पत्रकार, शोधार्थी

मधुमक्खियों की छोटी-सी दुनिया आज उत्तर प्रदेश के गांवों में बड़े बदलाव की कहानी लिख रही है। फूलों से रस जुटाकर तैयार होने वाला शहद अब केवल मिठास का स्वाद नहीं, बल्कि किसानों, ग्रामीण युवाओं और महिलाओं के लिए रोजगार, आमदनी और आत्मनिर्भरता का जरिया बन रहा है। कम संसाधनों से शुरू किया जा सकने वाला मधुमक्खी पालन खेती के साथ अतिरिक्त आय का अवसर देता है और मेहनत, प्रशिक्षण व अनुभव के साथ इसे एक सफल व्यवसाय में बदला जा सकता है। इस बदलाव के पीछे ग्रामीणों की मेहनत के साथ उत्तर प्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग का सहयोग भी महत्वपूर्ण है। विभाग द्वारा मधुमक्खी पालन से जुड़ने वाले लोगों को प्रशिक्षण, मार्गदर्शन, टूल किट्स और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि वे इस काम को केवल छोटे स्तर के प्रयास तक सीमित न रखकर व्यवस्थित स्वरोजगार के रूप में आगे बढ़ा सकें। वहीं प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को बैंक ऋण और नियमानुसार वित्तीय सहायता उपलब्ध कराकर अपना उद्यम शुरू करने और उसका विस्तार करने का अवसर मिल रहा है। इन योजनाओं और सहयोग का असर अब गांवों की जमीन पर दिखाई देने लगा है। कहीं कुछ हनी बॉक्स से शुरू हुआ सफर सैकड़ों बॉक्स तक पहुंच गया है, तो कहीं शहद उत्पादन ने परिवार की आय बढ़ाने के साथ दूसरे लोगों के लिए भी रोजगार के दरवाजे खोल दिए हैं। इन सफलताओं के पीछे सिर्फ सरकारी सहायता नहीं, बल्कि उस सहायता को अवसर में बदलने वाली मेहनत, सीखने की ललक और आगे बढ़ने का संकल्प भी है। मधुमक्खियों के संग तरक्की की ये उड़ान उन ग्रामीण उद्यमियों की कहानी है, जिन्होंने छोटी शुरुआत को अपनी मेहनत से बड़ा बनाया और शहद की हर बूंद के साथ आत्मनिर्भरता की नई राह तैयार की।

उत्तर प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना) भी युवाओं को उद्यम स्थापित करने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित कर रही है। ऐसे प्रयासों से ग्रामीण क्षेत्र में स्वरोजगार की संभावनाएं बढ़ रही हैं और युवाओं को अपने गांव में ही रोजगार खड़ा करने का अवसर मिल रहा है। मधुमक्खी पालन से जुड़ी सफलता की इन कहानियों में एक बात समान दिखाई देती है कि शुरुआत छोटी थी, संसाधन सीमित थे, लेकिन मेहनत करने का हौसला बड़ा था। किसी ने कुछ हनी बॉक्स से सफर शुरू किया तो किसी ने प्रशिक्षण और सरकारी सहयोग के बाद अपने कारोबार का विस्तार किया। आज यही लोग शहद का उत्पादन करने के साथ-साथ दूसरे लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा कर रहे हैं। इनकी सफलता बताती है कि जब सरकारी योजना, सही प्रशिक्षण, स्थानीय संसाधन और मेहनत एक साथ जुड़ते हैं तो गांव में शुरू किया गया छोटा-सा काम भी आत्मनिर्भरता की मजबूत नींव बन सकता है। शहद की हर बूंद में इन ग्रामीण उद्यमियों की मेहनत, संघर्ष और बदलती जिंदगी की कहानी भी घुली हुई है। बदलाव और आत्मनिर्भरता की कुछ प्रेरक कहानियां हम आपके सामने लेकर आ रहे हैं उन लोगों की, जिन्होंने मधुमक्खी पालन को सिर्फ एक काम नहीं, बल्कि अपने और अपने परिवार के बेहतर भविष्य का रास्ता बनाया।

कभी मकान बनाना सपने की तरह था
रामपुर जिले के शाहबाद क्षेत्र के ग्राम अनवा, पोस्ट टांडा निवासी वेदपाल की जिंदगी कभी बेहद सीमित संसाधनों के बीच गुजरती थी। परिवार के पास करीब एक एकड़ जमीन थी, लेकिन इतनी कम जमीन से पूरे परिवार का खर्च चलाना आसान नहीं था। कभी खेती तो कभी मजदूरी के सहारे परिवार की जरूरतें पूरी होती थीं। घर की आर्थिक स्थिति ऐसी थी कि जरूरी काम भी सोच-समझकर करने पड़ते थे। आज वही वेदपाल मधुमक्खी पालन को अपनी जिंदगी का मजबूत सहारा बना चुके हैं। करीब 100 हनी बॉक्स के साथ वह शहद का उत्पादन कर रहे हैं और उनके काम से तीन अन्य युवाओं को भी रोजगार मिला है। मधुमक्खी पालन से होने वाली आय ने न केवल उनके परिवार की आर्थिक स्थिति बदली, बल्कि उन्हें अपने घर और खेती को बेहतर बनाने का अवसर भी दिया। वेदपाल ने इंटरमीडिएट तक पढ़ाई की है। वर्ष 2012 में उन्होंने पहली बार मधुमक्खी पालन के बारे में गंभीरता से सोचा। उनके मित्र जयकिशन पहले से मधुमक्खी पालन के काम से जुड़े थे। वेदपाल उनके साथ रहने लगे, काम को करीब से देखा और मधुमक्खियों की देखभाल तथा शहद निकालने की प्रक्रिया समझी। शुरुआत में उन्होंने कुछ ही बॉक्स लेकर काम शुरू किया। काम छोटा था, लेकिन धीरे-धीरे इसमें उनकी रुचि बढ़ने लगी। वेदपाल बताते हैं कि उन्हें इस काम में अपना भविष्य दिखाई देने लगा। खेती और मजदूरी के बीच मधुमक्खी पालन उनके लिए आमदनी का एक नया रास्ता बन रहा था। इसके बाद उन्होंने खादी एवं ग्रामोद्योग से संपर्क किया। विभाग की ओर से उन्हें प्रशिक्षण और आवश्यक संसाधनों का सहयोग मिला। उन्हें निःशुल्क हनी बॉक्स और शहद निकालने की मशीन उपलब्ध कराई गई। प्रशिक्षण के दौरान रहने, खाने और सीखने की व्यवस्था भी निःशुल्क रही। वेदपाल कहते हैं, खादी ने हमें सिर्फ बॉक्स और मशीन नहीं दी, बल्कि काम करने का रास्ता दिखाया। अगर समय पर यह सहयोग नहीं मिलता तो शायद हम भी अपनी परिस्थितियों के कारण वहीं रह जाते। वेदपाल बताते हैं कि मधुमक्खियों के साथ काम करते-करते उन्हें इस काम से लगाव हो गया। अब मौसम के हिसाब से बॉक्स को अलग-अलग स्थानों पर ले जाना, मधुमक्खियों की देखभाल करना और सही समय पर शहद निकालना उनकी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा है। मधुमक्खी पालन उनके लिए सिर्फ शहद पैदा करने का काम नहीं रहा। यह उनके जीवन में आत्मविश्वास लौटाने का जरिया भी बन गया। आज इस काम से उनके पूरे परिवार और उनसे जुड़े अन्य लोगों का पालन हो रहा है। वह बताते हैं कि पहले उनके पास मकान की स्थिति सुधारने तक के पर्याप्त साधन नहीं थे। खेती भी सीमित संसाधनों में करनी पड़ती थी। लेकिन मधुमक्खी पालन से आमदनी बढ़ी तो उन्होंने धीरे-धीरे अपने मकान की स्थिति सुधारी और खेती में भी पहले से बेहतर निवेश किया। वेदपाल ने बताया कि वह पिछड़े वर्ग से हैं। उनके लिए आर्थिक सीमाओं से बाहर निकलना आसान नहीं था। वह कहते हैं कि अगर उन्हें सही समय पर प्रशिक्षण और सहयोग नहीं मिला होता तो शायद वह पिछले ही रह जाते। वेदपाल की कहानी यही संदेश देती है कि संसाधन कम हों तो भी सपने छोटे नहीं होने चाहिए। सही दिशा, मेहनत और समय पर मिले अवसर से छोटी शुरुआत भी बड़े बदलाव की वजह बन सकती है।

भाई की डायरी ने दिखाई सफलता की राह
मुरादाबाद जिले के कांठ तहसील क्षेत्र के ग्राम अहमदपुर निंगु नंगला निवासी कुलदीप कुमार की कहानी इस बात की मिसाल है कि सफलता के लिए हमेशा बड़े संसाधनों की जरूरत नहीं होती। कभी गांव में छोटी-सी किराना दुकान चलाकर परिवार का खर्च निकालने की कोशिश करने वाले कुलदीप ने एक पुरानी डायरी के कुछ पन्नों में अपने लिए रोजगार की नई राह खोज ली। आज वही कुलदीप मधुमक्खी पालन और शहद के कारोबार से अपने परिवार को बेहतर जीवन देने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। 35 वर्षीय कुलदीप कुमार, पुत्र बृजराज सिंह, स्नातक हैं। उनका मुख्य पेशा खेती रहा है। परिवार में पत्नी और तीन बच्चे हैं। खेती से आमदनी सीमित थी और किराना दुकान से होने वाली कमाई भी इतनी नहीं थी कि परिवार की सभी जरूरतें आसानी से पूरी हो सकें। खासकर बच्चों की पढ़ाई और घर के खर्च को लेकर उन्हें लगातार चिंता रहती थी। कुलदीप बताते हैं कि उनके बड़े भाई बीएससी एग्रीकल्चर की पढ़ाई कर चुके हैं और सरकारी नौकरी में हैं। उनके भाई की एक पुरानी डायरी थी, जिसमें मधुमक्खी पालन से जुड़ी विस्तृत जानकारी लिखी हुई थी। एक दिन कुलदीप की नजर उस डायरी पर पड़ी। उन्होंने उसे पढ़ना शुरू किया। मधुमक्खी पालन के बारे में जानकारी उन्हें रोचक लगी। इसके बाद उन्होंने अपने बड़े भाई से इस काम के बारे में विस्तार से समझा। यहीं से उनके जीवन में एक नया अध्याय शुरू हुआ। वर्ष 2018-19 के आसपास कुलदीप ने मधुमक्खी पालन की शुरुआत की। शुरुआत छोटी थी, लेकिन उन्हें जल्दी ही महसूस हुआ कि इस काम में आगे बढ़ने की अच्छी संभावनाएं हैं। अब जरूरत थी कारोबार को विस्तार देने की और इसके लिए पूंजी की। कुलदीप ने कारोबार को आगे बढ़ाने के लिए जिला ग्रामोद्योग कार्यालय, मुरादाबाद से संपर्क किया। विभाग की ओर से उन्हें निःशुल्क पांच हनी बॉक्स उपलब्ध कराए गए। इसके साथ ही उन्हें मुख्यमंत्री ग्रामीण रोजगार योजना के बारे में जानकारी मिली। योजना के माध्यम से उन्हें करीब पांच लाख रुपये का ऋण मिला, जिससे उन्होंने अपने काम को विस्तार देने की दिशा में कदम बढ़ाया। कुलदीप ने इस सहायता को केवल सरकारी मदद के रूप में नहीं देखा, बल्कि इसे अपने सपने को आगे बढ़ाने का अवसर माना। वर्तमान में उनके व्यवसाय से प्रतिवर्ष करीब 5 से 6 लाख रुपये का कारोबार हो रहा है। पिछले कुछ वर्षों में उनकी आर्थिक स्थिति में लगातार सुधार हुआ है। अब वह आयकर रिटर्न यानी आईटीआर भी दाखिल करते हैं, जो उनके आर्थिक सफर में आए बदलाव को दिखाता है। कुलदीप ने अपने उत्पाद को केवल स्थानीय स्तर तक सीमित नहीं रखा। उन्होंने कई प्रदर्शनियों में हिस्सा लिया, जहां उनके शहद को सराहना मिली और उन्हें सम्मान भी प्राप्त हुआ। वह बताते हैं कि अच्छी गुणवत्ता के कारण उनके शहद को बाजार में बेचने में ज्यादा परेशानी नहीं होती। कुछ शहद वह सीधे ग्राहकों को बेचते हैं, जबकि कुछ की बिक्री ट्रेडर्स के माध्यम से होती है। शहर के बाजार में उनके शहद की अच्छी मांग है। अभी उनका अपना ब्रांड नहीं है, लेकिन भविष्य में वह अपने शहद को एक ब्रांड के रूप में बाजार में उतारना चाहते हैं। मधुमक्खी पालन और शहद के कारोबार ने कुलदीप के परिवार की आर्थिक स्थिति में बड़ा बदलाव किया है। पहले जहां परिवार की जरूरतों को पूरा करना मुश्किल होता था, वहीं अब आमदनी का बेहतर साधन उपलब्ध है।

पांच हनी बॉक्स से शुरू हुआ सफर 650 तक पहुंचा
मेहनत करने का जज्बा हो और सही समय पर अवसर मिल जाए तो छोटी-सी शुरुआत भी जिंदगी में बड़ा बदलाव ला सकती है। सम्भल जिले के ग्राम सेवराज सतरनगला निवासी सन्दीप कुमार की कहानी इसकी मिसाल है। कभी सीमित आमदनी और रोजगार की तलाश से जूझ रहे सन्दीप ने मधुमक्खी पालन को अपने जीवन का रास्ता बनाया और आज इसी काम से न केवल अपने परिवार की आर्थिक जरूरतें पूरी कर रहे हैं, बल्कि सालाना लाखों रुपये की आय भी अर्जित कर रहे हैं। 32 वर्षीय सन्दीप कुमार, पुत्र राजेन्द्र सिंह, स्नातक हैं। उनका मुख्य व्यवसाय खेती रहा है। मधुमक्खी पालन से उनका रिश्ता नया नहीं है। उनके पिताजी ने कभी ये काम किया था लेकिन पर्याप्त जानकारी और तकनीकी प्रशिक्षण के अभाव के चलते वह इस रोजगार को बहुत आगे नहंी बढ़ा पाये। उस समय सन्दीप पढ़ाई कर रहे थे। इंटरमीडिएट के बाद उन्होंने कंप्यूटर हार्डवेयर का कोर्स किया और नौकरी शुरू कर दी। नौकरी से करीब 12 हजार रुपये मासिक मिलते थे। परिवार की जरूरतों और बढ़ते खर्च के बीच यह आय पर्याप्त नहीं थी। सन्दीप के मन में हमेशा अपना काम खड़ा करने की इच्छा बनी रही। वर्ष 2014 के आसपास उन्हें प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (पीएमईजीपी) के बारे में जानकारी मिली। उन्होंने उत्तर प्रदेश के खादी एवं ग्रामोउद्योग विभाग से संपर्क किया। विभाग की मदद से उन्हें प्रशिक्षण मिला और मधुमक्खी पालन की आधुनिक तकनीक और व्यवसाय से जुड़ी जरूरी जानकारी हासिल हुई। यही प्रशिक्षण उनके लिए निर्णायक मोड़ साबित हुआ। खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग से भी उन्हें सहयोग मिला। इसके बाद उन्होंने अपने काम का विस्तार किया और एमएसएमई के तहत सब्सिडी और लोन लेकर डिब्बों की संख्या बढ़ाकर करीब 100 कर दी। वर्ष 2016 तक उनकी आमदनी करीब चार लाख रुपये सालाना पहुंच गई। इसके बाद सन्दीप ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। धीरे-धीरे मधुमक्खी के डिब्बों की संख्या बढ़ती गई और आज उनके पास करीब 650 हनी बॉक्स हैं। अब वह केवल मधुमक्खी पालन तक सीमित नहीं हैं, बल्कि अपने शहद का प्रसंस्करण कर उसे सीधे बाजार में बेचते हैं। इससे उनकी सालाना आय करीब 10 से 11 लाख रुपये तक पहुंच गई है। आज मधुमक्खी पालन उनके लिए केवल अतिरिक्त आय का साधन नहीं, बल्कि एक सफल व्यवसाय बन चुका है। शहद के प्रसंस्करण और सीधे बाजार में बिक्री से उन्हें बेहतर आमदनी मिल रही है। खेती के साथ मधुमक्खी पालन ने उनके परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत किया है और उन्हें अपने पैरों पर खड़ा होने का आत्मविश्वास दिया है। सन्दीप का मानना है कि गांव के युवाओं में हुनर और मेहनत की कमी नहीं है। जरूरत है तो सिर्फ सही जानकारी, प्रशिक्षण और अवसर की। वह बताते हैं कि विभाग से मिले मार्गदर्शन ने उन्हें यह समझने में मदद कि ग्रामीण क्षेत्र में रहकर भी रोजगार का मजबूत साधन तैयार किया जा सकता है। आज सन्दीप खुद दूसरे ग्रामीण युवाओं को मधुमक्खी पालन और स्वरोजगार के लिए प्रेरित करते हैं। उनकी कहानी बताती है कि सरकारी योजनाओं का लाभ केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं होता। सही मार्गदर्शन और प्रशिक्षण के साथ यही सहायता किसी व्यक्ति को अपने पैरों पर खड़ा होने का अवसर दे सकती है। सन्दीप के पिताजी का सफर पांच डिब्बों से शुरू हुआ था। शुरुआती असफलता के बाद संदीप ने कमान संभाली और आज सैकड़ों हनी बॉक्स, अपना प्रसंस्करण और बाजार में सीधे बिक्री उनकी मेहनत की पहचान बन चुके हैं। उनकी कहानी एक सीधा संदेश देती है अवसर भले ही छोटा हो, लेकिन मेहनत, सीखने की इच्छा और संकल्प उसे बड़ी सफलता में बदल सकते हैं।

अब दूसरों का सहारा बनीं जावित्री देवी
बदायूं जिले की दातागंज तहसील के ग्राम बक्सैना निवासी जावित्री देवी के लिए मधुमक्खी पालन सिर्फ रोजगार का जरिया नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता की राह बन गया है। कभी 20 हनी बॉक्स से शुरू हुआ उनका छोटा-सा प्रयास आज करीब 150 बॉक्स तक पहुंच चुका है। मेहनत, अनुभव और सरकारी योजनाओं से मिले सहयोग के बल पर जावित्री देवी ने न केवल अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत किया, बल्कि आज उनके काम से करीब 10 लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार भी मिल रहा है। जावित्री देवी पत्नी श्याम लाल को मधुमक्खी पालन के काम से पहले से परिचय था। उनके पति को इस कार्य का अनुभव था। इसी अनुभव ने जावित्री देवी को अपना काम शुरू करने का हौसला दिया। उन्हें भरोसा था कि यदि मेहनत और सही दिशा के साथ काम किया जाए तो मधुमक्खी पालन को एक सफल व्यवसाय बनाया जा सकता है। जावित्री देवी को समाचार पत्रों के माध्यम से उत्तर प्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग द्वारा संचालित प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (पीएमईजीपी) की जानकारी मिली। योजना के बारे में जानकारी मिलने के बाद उन्होंने जिला ग्रामोद्योग कार्यालय से संपर्क किया। वहां उन्हें योजना की प्रक्रिया, वित्तीय सहायता और व्यवसाय शुरू करने से जुड़ी जरूरी जानकारी दी गई। जावित्री देवी ने आगे बढ़ने का फैसला किया और आवश्यक प्रक्रिया पूरी की। वर्ष 2023-24 में उन्हें प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के अंतर्गत करीब 9 लाख रुपये का ऋण प्राप्त हुआ। इस वित्तीय सहायता से उन्होंने मधुमक्खी पालन के अपने व्यवसाय को व्यवस्थित रूप से शुरू किया। शुरुआत में जावित्री देवी ने 20 हनी बॉक्स लगाए। मधुमक्खियों की देखभाल, मौसम के अनुसार उनकी व्यवस्था और शहद निकालने की प्रक्रिया को उन्होंने अपने पति के अनुभव और विभागीय प्रशिक्षण के सहारे समझा। विभाग की ओर से उन्हें 10 दिवसीय ईडीपी प्रशिक्षण भी दिया गया। इस प्रशिक्षण में उन्हें मधुमक्खी पालन के साथ-साथ व्यवसाय को संचालित करने, बाजार की जरूरतों को समझने और कारोबार को आगे बढ़ाने से जुड़ी जानकारी मिली। शुरुआत छोटी थी, लेकिन जावित्री देवी की मेहनत बड़ी थी। इसमें उनके बेटे और पति का भी पूरा सहयोग मिला। उन्होंने धीरे-धीरे अपने काम का विस्तार करना शुरू किया। हनी बॉक्स बढ़ते गए और कारोबार भी आगे बढ़ता गया। आज उनके पास करीब 200 हनी बॉक्स हैं। सरकारी योजना के माध्यम से मिले करीब 9 लाख रुपये के वित्तीय सहयोग से शुरू हुआ उनका व्यवसाय अब करीब 12 लाख रुपये साल के स्तर तक पहुंच चुका है। जावित्री देवी अब अपने कारोबार को और विस्तार देने की तैयारी में हैं। उनकी योजना अधिक हनी बॉक्स और आवश्यक मशीनरी खरीदकर उत्पादन बढ़ाने की है। वह चाहती हैं कि उनके कारोबार को ऐसी पहचान मिले, जिससे उनका उत्पाद स्थानीय बाजार से निकलकर बड़े बाजारों तक पहुंचे। जावित्री देवी की सफलता की सबसे बड़ी खूबसूरती यह है कि उनका स्वरोजगार अब दूसरों के लिए भी रोजगार का साधन बन गया है। उनके मधुमक्खी पालन के काम से परिवार के अलावा करीब 10 लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिल रहा है।

मधुमक्खियों से दोस्ती ने बनाया लखपति
कानपुर के रहने वाले विपिन कुमार की शादी साल 2012 में हुई थी। साल 2021 तक उनके पास कोई स्थायी रोजगार नहीं था। ऐसे में परिवार का खर्च जिम्मेदारियां बहुत मुश्किलें थी। उन्होंने मधुमक्खी पालन से स्टार्टअप की शुरुआत की। कभी सीमित साधनों के बीच अपना भविष्य संवारने की कोशिश करने वाले विपिन कुमार आज शहद उत्पादन के व्यवसाय से जुड़कर प्रतिवर्ष लगभग 5 से 6 लाख रुपये तक की आमदनी कर रहे हैं। विपिन कुमार के अनुसार मधुमक्खी पालन कृषि आधारित व्यवसाय है और इसकी सफलता काफी हद तक मौसम तथा फूलों की उपलब्धता पर निर्भर करती है। अनुकूल मौसम मिलने पर शहद का बेहतर उत्पादन होता है। नवंबर से फरवरी-मार्च तक का समय शहद उत्पादन के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है। विपिन कुमार ने खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग से जुड़कर मधुमक्खी पालन का प्रशिक्षण प्राप्त किया। विभाग की ओर से उन्हें हनी बॉक्स, मधुमक्खियों की देखभाल के उपकरण, नेट ड्रेस और शहद निकालने की मशीन आदि आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई। छोटे से शुरु हुआ उनका स्टार्टअप आज बहुत बड़ा हो चुका है। आज उनके पास करीब 275 हनी बॉक्स हैं। अधिक उत्पादन के लिए वे फूलों वाले क्षेत्रों, बाग-बगीचों और फूलों वाली फसलों के आसपास हनी बॉक्स रखते हैं। स्थानीय स्तर पर फूलों की उपलब्धता कम होने पर वे अपने बॉक्स को दूसरे क्षेत्रों में भी ले जाते हैं, ताकि मधुमक्खियों को पर्याप्त प्राकृतिक स्रोत मिल सके। मधुमक्खी पालन से उनके साथ करीब 7 से 10 लोगों को रोजगार भी मिल रहा है। बड़ी संख्या में बॉक्स को संभालना, मधुमक्खियों की देखभाल करना और शहद निकालना अकेले व्यक्ति के लिए संभव नहीं है। इसलिए वे जरूरत के अनुसार लोगों को काम से जोड़ते हैं। विपिन कुमार बताते हैं कि मधुमक्खी पालन में सबसे बड़ी चुनौती मौसम के प्रतिकूल होने पर मधुमक्खियों को सुरक्षित रखना है। इसके लिए विशेष देखभाल करनी पड़ती है। जिला खादी एवं ग्रामोद्योग अधिकारी ने भी विपिन कुमार की मेहनत और लगन की सराहना की है। वैसे तो विपिन ने विभाग की खूब तारीफ की है, लेकिन उनका स्पष्ट कहना है कि सिर्फ पांच बॉक्स से परिवर्तन नहीं आता, सतत मेहनत और ईमानदारी से यह व्यवसाय आगे बढ़ता है। वह खुश हैं कि विभाग के सहयोग और प्रशिक्षण का आज उन्हें लाभ मिल रहा है। आज विपिन कुमार की सफलता यह बताती है कि यदि ग्रामीण युवाओं को प्रशिक्षण, संसाधन और सही मार्गदर्शन मिले तो मधुमक्खी पालन न केवल परिवार की आर्थिक स्थिति बदल सकता है, बल्कि दूसरे लोगों के लिए भी रोजगार का माध्यम बन सकता है।

शिशिर

उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड के मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्री शिशिर सिंह ने बातचीत के दौरान बताया कि मधुमक्खी पालन ग्रामीण क्षेत्रों में अतिरिक्त आय का एक बेहतर साधन बनकर उभर रहा है। खासकर किसानों के लिए यह खेती के साथ आय बढ़ाने का अच्छा विकल्प है। बड़ी संख्या में किसान खेती के साथ मधुमक्खी पालन को अपनाकर अपनी आमदनी में वृद्धि कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बोर्ड का उद्देश्य इस योजना का लाभ उत्तर प्रदेश के सभी जनपदों तक पहुंचाना है। इसके लिए योजना के विस्तार और अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।