सीएम योगी ने स्टेट ट्रान्सफॉर्मेशन कमीशन की बैठक में की विकास योजनाओं की समीक्षा, आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को बढ़ा मानदेय समय पर देने के निर्देश
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में संचालित विकास परियोजनाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बुनियादी ढांचे, औद्योगिक विकास और जनकल्याण से जुड़ी सभी परियोजनाएं निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरी की जाएं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में निवेश के अनुकूल माहौल तैयार किया गया है। उद्योगों और निवेशकों को दी जा रही सुविधाओं, टैक्स रियायतों और सब्सिडी का वास्तविक लाभ प्रदेश के युवाओं और स्थानीय नागरिकों तक पहुंचना चाहिए।
मुख्यमंत्री रविवार को अपने सरकारी आवास पर आयोजित स्टेट ट्रान्सफॉर्मेशन कमीशन की बैठक (सीएम समीक्षा) की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में विभिन्न विकास परियोजनाओं, औद्योगिक निवेश और जनकल्याणकारी योजनाओं की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई। इस दौरान स्टेट ट्रान्सफॉर्मेशन कमीशन के सीईओ मनोज कुमार सिंह ने परियोजनाओं की प्रगति का प्रस्तुतीकरण दिया।
आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को बढ़ा मानदेय समय पर मिले
मुख्यमंत्री ने आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के हितों पर विशेष जोर देते हुए कहा कि नई व्यवस्था के तहत मानदेय में की गई वृद्धि का लाभ प्रत्येक कर्मचारी को मिलना चाहिए। प्रदेश के 88 विभागों में कार्यरत 3,10,437 आउटसोर्सिंग कार्मिकों के भुगतान की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी कर्मचारी का बढ़ा हुआ मानदेय रोका न जाए और भुगतान समय से सुनिश्चित किया जाए। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एक्सप्रेस-वे परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश
बैठक में एक्सप्रेस-वे परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा के दौरान बताया गया कि चित्रकूट लिंक एक्सप्रेस-वे की निविदा प्रक्रिया 30 नवम्बर तक पूरी कर ली जाएगी। फर्रुखाबाद लिंक एक्सप्रेस-वे के लिए 91.46 प्रतिशत भूमि का क्रय हो चुका है और चयनित फर्म को एलओए जारी कर दिया गया है।
इसी प्रकार आगरा-लखनऊ-पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेस-वे के लिए 82.98 प्रतिशत, झांसी लिंक एक्सप्रेस-वे के लिए 86.04 प्रतिशत और जेवर लिंक एक्सप्रेस-वे के लिए 83.45 प्रतिशत भूमि प्राप्त कर ली गई है। इन परियोजनाओं के निर्माण के लिए चयनित फर्मों को भी एलओए जारी किया जा चुका है। मेरठ-हरिद्वार, विंध्य एक्सप्रेस-वे और विंध्य-पूर्वांचल स्पर के सत्यापन का कार्य पूरा हो गया है। मुख्यमंत्री ने भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए।
लॉजिस्टिक हब और पार्क की प्रक्रिया तेज होगी
औद्योगिक विकास परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने ग्रेटर नोएडा में मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक हब की वित्तीय बिड अगले दो सप्ताह में खोलने तथा मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक पार्क की कार्यवाही में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि औद्योगिक निवेश से प्रदेश में रोजगार के नए अवसर सृजित होने चाहिए और स्थानीय युवाओं को इसका प्राथमिक लाभ मिलना चाहिए।
महिला श्रमिकों के लिए हॉस्टल और श्रमिकों को सुविधाएं
मुख्यमंत्री ने नगरीय क्षेत्रों में निर्माणाधीन आठ वर्किंग विमेन हॉस्टल के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। ये हॉस्टल नोएडा, लखनऊ और गाजियाबाद में बनाए जा रहे हैं। इसके साथ ही 13 जनपदों में प्रस्तावित नए हॉस्टलों के लिए भारत सरकार के संबंधित विभागों से समन्वय बनाए रखने को कहा।
उन्होंने श्रमिकों को कार्यस्थल पर ही श्रम कार्ड, आयुष्मान कार्ड, रियायती भोजन और निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
गरीब परिवारों को बुनियादी सुविधाओं से जोड़ने पर जोर
मुख्यमंत्री ने जीरो पावर्टी योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि इसके तहत चिन्हित 12.50 लाख परिवारों को बुनियादी सुविधाओं से जोड़ने का कार्य प्राथमिकता से किया जाए। सरकार का उद्देश्य गरीब परिवारों को योजनाओं का लाभ देकर उनके जीवन स्तर में सुधार लाना है।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने डिजिटल लाइब्रेरी के लिए कंप्यूटर हार्डवेयर की आपूर्ति तत्काल पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि योजनाओं और परियोजनाओं की प्रगति केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि उनका वास्तविक लाभ आम जनता तक पहुंचे।

