उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़राजनीतिलखनऊसमग्र समाचार

युवाओं की प्रतिभा को अवसर और आधुनिक संसाधनों से मिलेगी नई उड़ान: CM योगी

पूर्ववर्ती सरकारों पर साधा निशाना, कहा- युवाओं को जाति, क्षेत्र और परिवारवाद की राजनीति में उलझाए रखा

60 लाख से अधिक युवाओं को स्मार्टफोन और टैबलेट वितरित, आज 25 लाख अतिरिक्त टैबलेट वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ

समग्र चेतना/मधुर मिश्रा

लखनऊ, 15 नवंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि आज का युवा अपनी प्रतिभा, परिश्रम और क्षमता के बल पर दुनिया में आगे बढ़ना चाहता है। उसे जरूरत है तो केवल उचित अवसरों और आधुनिक संसाधनों की। प्रदेश सरकार का प्रयास है कि संसाधनों का अभाव किसी भी युवा की प्रतिभा और सफलता के रास्ते में बाधा न बने। मुख्यमंत्री ने युवाओं के उत्थान और सशक्तीकरण को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपने विचार साझा करते हुए यह बात कही।

मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में पहले युवाओं के भविष्य की चिंता करने के बजाय उन्हें जाति, क्षेत्र और परिवारवाद की राजनीति में उलझाए रखा गया। युवाओं की प्रतिभा को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए कोई ठोस पहल नहीं की गई।

60 लाख से अधिक युवाओं को मिल चुके हैं स्मार्टफोन और टैबलेट

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के यशस्वी नेतृत्व में डबल इंजन सरकार ने इस स्थिति को बदलने का काम किया है। ‘डिजिटल इंडिया’ के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए स्वामी विवेकानन्द युवा सशक्तीकरण योजना के माध्यम से अब तक 60 लाख से अधिक युवाओं को स्मार्टफोन और टैबलेट प्रदान किए जा चुके हैं। इसी क्रम में 15 नवंबर को लखनऊ से 25 लाख अतिरिक्त टैबलेट वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया जाएगा।

युवाओं के लिए सफलता के नए रास्ते खोल रही सरकार

मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक दौर में तकनीक शिक्षा, रोजगार और आत्मनिर्भरता का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुकी है। ऐसे में युवाओं को डिजिटल संसाधनों से जोड़ना समय की आवश्यकता है। सरकार का संकल्प है कि प्रदेश का हर नौजवान आधुनिक तकनीक का उपयोग कर अपनी क्षमता को निखारे और सफलता की नई ऊंचाइयों तक पहुंचे।

उन्होंने सभी लाभार्थी युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि प्रदेश का युवा अपनी मेहनत, प्रतिभा और संकल्प के बल पर सफलता की नई कहानी लिखेगा।

Related Articles

Back to top button
Close