उत्तर प्रदेशराज्यलखनऊ

दुष्कर्म पीड़िता की मदद करने की जान से चुकाई कीमत, पूर्व बीडीसी को ट्रैक्टर से रौंदने के बाद फावड़े से काट डाला

जालौन। कोतवाली क्के ग्राम कुसमरा में आज दिनदहाड़े एक पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी) की बेहद नृशंस तरीके से हत्या कर दी गई। बेखौफ हमलावरों ने पहले पूर्व बीडीसी की बुलेट मोटरसाइकिल में ट्रैक्टर से जोरदार टक्कर मारकर उन्हें सड़क पर गिराया और फिर फावड़े से सिर पर ताबड़तोड़ वार कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। ग्रामीणों का सीधा आरोप है कि पूर्व में एक दुष्कर्म पीड़ित परिवार की खुलकर पैरवी करने की वजह से हमलावर उनसे रंजिश रखने लगे थे। इस पूरे मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं, क्योंकि मृतक ने जान से मारने की धमकियों की ऑडियो क्लिप सौंपकर सुरक्षा की गुहार लगाई थी, लेकिन पुलिस ने समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जिसके परिणाम स्वरूप उसकी हत्या कर दी गई है ,,

प्राप्त जानकारी के अनुसार, संपन्न परिवार से ताल्लुक रखने वाले पूर्व बीडीसी राजेश कुमार श्रीवास पुत्र नारायण दास (एन.डी. प्रधान) आज दोपहर करीब दो बजे अपनी बुलेट मोटरसाइकिल से जा रहे थे। जैसे ही वे गांव के किनारे पहुंचे, पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उनकी बाइक में ट्रैक्टर से सीधी और जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही राजेश सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद हमलावरों ने फावड़े से उनके सिर पर तब तक ताबड़तोड़ प्रहार किए, जब तक उनकी सांसें नहीं थम गईं। इस जघन्य वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ट्रैक्टर लेकर मौके से फरार हो गए।

घटनास्थल पर मौजूद आक्रोशित ग्रामीणों ने बताया कि कुछ समय पहले गांव की ही खटीक समाज की एक बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना हुई थी। उस मामले में राजेश कुमार ने पीड़ित परिवार का खुलकर सहयोग किया था, जिसके चलते आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हुई थी। इसी बात से आरोपी पक्ष उनसे गहरी दुश्मनी रखने लगा था। ग्रामीणों के मुताबिक, राजेश को लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं। उन्होंने बाकायदा पुलिस को लिखित शिकायत और धमकी भरे ऑडियो साक्ष्य सौंपकर अपनी जान को खतरा बताया था, लेकिन पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी रही। लोगों का मानना है कि पुलिस की इसी घोर लापरवाही के चलते आज यह हत्या हुई है।

दिनदहाड़े हुए इस हत्याकांड की खबर आग की तरह पूरे क्षेत्र में फैल गई और मौके पर हजारों ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। राजेश को सुरक्षा न दिए जाने से नाराज लोगों ने घटनास्थल पर पुलिस के खिलाफ तीखा विरोध जताते हुए हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य संकलन किए। पुलिस अधिकारियों ने काफी मशक्कत के बाद आक्रोशित भीड़ को समझा-बुझाकर शांत कराया और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के पुत्र मयंक प्रताप ने गांव के ही राजू व अन्य लोगों के नाम पुलिस को बताए हैं। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक इस मामले में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

मृतक राजेश कुमार अपने पिता नारायण दास के इकलौते पुत्र थे। परिवार के एकमात्र चिराग के इस तरह बुझ जाने से परिजनों में कोहराम मच गया है। उनके परिवार में पत्नी उमा देवी (40), बेटा मयंक (20) तथा चार बेटियां खुशी (19), मुस्कान (17), मिनी (15) व मुन्नो (8) हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। इस नृशंस हत्या के बाद पूरे कुसमरा गांव में दहशत का माहौल है और दुष्कर्म पीड़ित परिवार भी बुरी तरह भयभीत बताया जा रहा है। अब पूरे क्षेत्र की निगाहें पुलिस की अगली कार्रवाई और हत्यारों की गिरफ्तारी पर टिकी हैं।

Related Articles

Back to top button
Close