लखनऊ

गाय को बचाने के चक्कर में कबाब-पराठे की दुकान में घुसा बेकाबू ट्रक

निगोहां में गुरुवार देर शाम हुआ हादसा, दुकान में ट्रक घुसने से इलाके में मची अफरा-तफरी

समग्र चेतना / मधुर मिश्रा

लखनऊ। निगोहां थाना क्षेत्र के मदापुर मंदिर के पास गुरुवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सड़क पर अचानक आई गाय को बचाने के प्रयास में तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित कबाब-पराठे की दुकान में जा घुसा। हादसे में गाय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रक चालक और परिचालक गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक तेज गति से गुजर रहा था। इसी दौरान अचानक सड़क पर गाय आ गई। उसे बचाने के लिए चालक ने वाहन को मोड़ने का प्रयास किया, लेकिन ट्रक पर नियंत्रण नहीं रख सका और सीधे दुकान में जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दुकान में अफरा-तफरी मच गई।

हादसे में गाय की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं ट्रक चालक और परिचालक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजे जाने की जानकारी है।

गनीमत रही कि हादसे के दौरान दुकान और आसपास मौजूद अन्य लोग ट्रक की चपेट में आने से बच गए। घटना ने एक बार फिर सड़कों पर आवारा पशुओं की मौजूदगी और तेज रफ्तार वाहनों से होने वाले हादसों की समस्या को उजागर कर दिया।

Related Articles

Back to top button
Close