नगर में अराजकता थमने का नाम नहीं ले रही, कल युवक का हाथ तोड़ा, आज बाजार में युवक को बेल्ट से पीटा

जालौन। नगर में अराजकता थमने का नाम ही नहीं ले रही है। कल बाजार में दबंगों द्वारा एक युवक का हाथ तोड़ने के बाद आज फिर बाजार में मारपीट की घटना सामने आई है। पीड़ित ने मामले की तहरीर कोतवाली में दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कोतवाली के मोहल्ला काशीनाथ निवासी नीरज कुमार ने पुलिस को बताया कि मोहल्ला घुआताल निवासी दौलत उससे रंजिश मानता है। रंजिश के चलते वह अक्सर विवाद करता रहता है। आरोप लगाया कि वह आज बाजार जा रहा था। तभी रास्ते में दौलत ने उसे रोककर गाली-गलौज शुरू कर दी। मना करने पर बेल्ट से मारपीट कर दी, जिससे उसे चोटें आई हैं।
उसे पिटता देखकर जब आसपास के लोग बचाने के लिए आए, तो आरोपी शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देकर वहां से भाग गया।
बताया जा रहा है कि इससे एक दिन पहले भी बाजार में विवाद के दौरान दबंगों ने एक युवक के साथ जमकर मारपीट की थी, जिसमें उसका हाथ टूट गया था। लगातार दो दिन बाजार जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई मारपीट की घटनाओं से नगर में दहशत का माहौल है।
व्यापारियों और आम लोगों का कहना है कि बाजार में दिनदहाड़े इस तरह की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन दबंगों के हौसले बुलंद हैं। लोगों का आरोप है कि पुलिस की गश्त न होने और कार्रवाई में ढिलाई के कारण अराजक तत्व बेखौफ हो गए हैं।
नगर के लोगों ने पुलिस प्रशासन से बाजार में नियमित गश्त बढ़ाने, अराजक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और पीड़ितों को न्याय दिलाने की मांग की है।




