हुनर से रोजगार और कौशल से विकसित भारत का सपना होगा साकार: प्रधानमंत्री मोदी

आगरा इलाहाबाद उत्तर प्रदेश उत्तराखंड कानपुर गोरखपुर छत्तीसगढ़ दिल्ली पंजाब पड़ताल बरेली ब्रेकिंग न्यूज़ भविष्य के नेता महिला एवं बाल विकाश पुष्टाहार विभाग मेरठ राजनीति राजस्थान राज्य लखनऊ वाराणसी विश्व व्यापार शिक्षा समग्र समाचार साक्षात्कार

5वें कौशल दीक्षान्त समारोह में आईटीआई के राष्ट्रीय टॉपर्स सम्मानित, ग्रेटर नोएडा में आयोजित होगी वर्ल्ड स्किल्स एशिया प्रतियोगिता-2027

लखनऊ, 21 नवम्बर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि 21वीं सदी का भारत कौशल और हुनर को सम्मान देकर ही आगे बढ़ सकता है। विकसित भारत के निर्माण में युवाओं का कौशल सबसे बड़ी ऊर्जा है। आईटीआई में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवाओं के हुनर में देश का सामर्थ्य दिखाई देता है। आने वाले समय में दुनिया में भारतीय कुशल कामगारों की मांग और बढ़ने वाली है। इसलिए युवाओं को बड़े सपने देखने के साथ अपने कौशल को लगातार विकसित करना होगा।

प्रधानमंत्री शनिवार को लखनऊ में आयोजित 5वें कौशल दीक्षान्त समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई), राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थानों और प्रशिक्षक प्रशिक्षण संस्थानों के राष्ट्रीय टॉपर्स को सम्मानित किया। उन्होंने घोषणा की कि वर्ष 2027 में आयोजित होने वाली वर्ल्ड स्किल्स एशिया प्रतियोगिता की मेजबानी उत्तर प्रदेश का ग्रेटर नोएडा करेगा। इसमें एशिया के विभिन्न देशों के युवा प्रतिभागी हिस्सा लेंगे।

प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश आज देश के विकास को गति दे रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में सुरक्षा और विकास का नया वातावरण बना है। आज उत्तर प्रदेश एक्सप्रेस-वे वाला प्रदेश बन चुका है। यहां अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, बड़ी यूनिवर्सिटीज, मोबाइल निर्माण की फैक्ट्रियां और चिप निर्माण की परियोजनाएं विकसित हो रही हैं। ऑपरेशन सिंदूर में दुश्मन की नींद उड़ाने वाली ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण भी उत्तर प्रदेश में हो रहा है। इन परियोजनाओं से युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि एक समय उत्तर प्रदेश में बेटियों की सुरक्षा को लेकर चिंता रहती थी, लेकिन अब परिस्थितियां बदली हैं। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने सुरक्षा का वातावरण बनाया है। सुरक्षा का एहसास और समृद्धि का विश्वास ही विकसित भारत का निर्माण करेगा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश में लगभग 5,000 नए आईटीआई स्थापित किए गए हैं। आईटीआई में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की संख्या में पांच लाख से अधिक की वृद्धि हुई है, जबकि छात्राओं की संख्या ढाई गुना से अधिक बढ़ी है। अब आईटीआई में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सिक्योरिटी, ड्रोन टेक्नीशियन, ग्रीन हाइड्रोजन, इंडस्ट्रियल रोबोटिक्स, इलेक्ट्रिक व्हीकल और सेमीकंडक्टर टेक्नीशियन जैसे 30 से अधिक आधुनिक ट्रेडों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि युवाओं को आधुनिक उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप तैयार करने के लिए पीएम-सेतु योजना के तहत 60 हजार करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य आईटीआई के पाठ्यक्रम, मशीनों, प्रशिक्षण सुविधाओं और उद्योगों के साथ संस्थानों के जुड़ाव को मजबूत करना है। प्रधानमंत्री ने कहा कि आईटीआई और आईआईटी दोनों देश की अमानत, सामर्थ्य और भविष्य हैं। कौशलयुक्त युवा ही भारत की विकास यात्रा को नई ऊंचाई देंगे।

कौशल के साथ खुद को लगातार अपडेट करना जरूरी: राजनाथ सिंह

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि 21वीं सदी में अशिक्षित वह व्यक्ति नहीं होगा, जो पढ़ना-लिखना नहीं जानता, बल्कि वह होगा जो सीखना, समय के अनुसार सीखी हुई बातों को छोड़ना और फिर से सीखना नहीं जानता। तकनीक, उद्योग और रोजगार के स्वरूप में तेजी से बदलाव हो रहा है। ऐसे में युवाओं के लिए स्किलिंग, री-स्किलिंग और अप-स्किलिंग लगातार जरूरी है।

उन्होंने कहा कि कौशल विकास केवल रोजगार प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण और राष्ट्रीय सुरक्षा से भी जुड़ा हुआ है। रक्षा उत्पादन में आत्मनिर्भरता के लिए बड़ी संख्या में प्रशिक्षित मानव संसाधन की आवश्यकता है। प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत जून 2026 तक 1.64 करोड़ से अधिक युवाओं को प्रशिक्षण दिया जा चुका है।

यूपी में 17 लाख से अधिक युवाओं को कौशल प्रशिक्षण: योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और प्रेरणा से देश में कौशल विकास अभियान को नई दिशा और गति मिली है। उत्तर प्रदेश देश का सबसे युवा प्रदेश है। यहां युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा को सही अवसर उपलब्ध कराना प्रदेश और देश के विकास के लिए महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने स्किल इंडिया अभियान के माध्यम से युवाओं को उनकी प्रतिभा के अनुरूप अवसर और मार्गदर्शन प्रदान किया है। वर्ष 2017 के बाद उत्तर प्रदेश में कौशल विकास अभियान को तेजी से आगे बढ़ाया गया। उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के अंतर्गत अब तक 17 लाख से अधिक युवाओं को प्रशिक्षित किया गया है। इनमें सात लाख से अधिक युवाओं का कैंपस चयन हुआ है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना के तहत 2.65 लाख से अधिक ग्रामीण युवक-युवतियों को निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण दिया गया है। इनमें से 1.23 लाख से अधिक युवाओं को सीधे रोजगार उपलब्ध कराया गया। वहीं, प्रोजेक्ट प्रवीण के माध्यम से प्रदेश के 1,700 से अधिक माध्यमिक विद्यालयों में 2.50 लाख से अधिक विद्यार्थी लाभान्वित हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि टाटा टेक्नोलॉजीज के सहयोग से प्रदेश के 150 से अधिक राजकीय आईटीआई में एआई, ड्रोन टेक्नोलॉजी, रोबोटिक्स, इंटरनेट ऑफ थिंग्स और 3-डी प्रिंटिंग जैसी आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इन संस्थानों से प्रशिक्षित 12 हजार से अधिक युवाओं का कैंपस चयन हुआ है।

मुख्यमंत्री के अनुसार, वर्ष 2026 में प्रदेश में आयोजित विभिन्न रोजगार मेलों के माध्यम से कौशल प्रशिक्षित 50 हजार से अधिक युवाओं को सीधे रोजगार मिला है। इनमें 3,400 से अधिक दिव्यांग युवा भी शामिल हैं। प्रदेश के प्रत्येक जनपद में लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल स्किलिंग एंड एम्प्लॉयमेंट जोन विकसित करने की कार्यवाही भी तेजी से आगे बढ़ रही है। इन केंद्रों पर युवाओं को प्रशिक्षण, उद्योगों की मांग के अनुरूप दक्षता और रोजगार के अवसर एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराने की व्यवस्था होगी।

कार्यक्रम में केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयन्त चौधरी ने कहा कि वर्ष 2014-15 से अब तक कौशल विकास योजनाओं के माध्यम से 7.67 करोड़ युवाओं को लाभान्वित किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि युवा बेटियां भी कौशल विकास पर ध्यान देकर वैश्विक स्तर पर उपलब्ध अवसरों का लाभ उठा सकती हैं।

इस अवसर पर केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं ब्रजेश पाठक, प्रदेश के मंत्री कपिल देव अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री को स्मृति चिह्न भेंट कर उनका स्वागत किया।