भाजपा प्रदेश कार्यसमिति में रामेंद्र सिंह सेंगर व सुदामा दीक्षित को मिली जगह, प्रांतीय राजनीति में दखल बढ़ने से संगठन को मिलेगी मजबूती

जालौन। भारतीय जनता पार्टी द्वारा जारी प्रदेश कार्यसमिति की सूची में जालौन जनपद से वरिष्ठ नेता रामेंद्र सिंह सेंगर ‘बना जी ‘ और सुदामा दीक्षित को शामिल किए जाने के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। दोनों प्रमुख नेताओं को प्रदेश स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने से स्थानीय कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह का माहौल है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि प्रांतीय राजनीति में रामेंद्र सिंह सेंगर ‘बना’ जी और सुदामा दीक्षित की सीधी भागीदारी बढ़ने से जालौन सहित पूरे बुंदेलखंड क्षेत्र में संगठन का ढांचा पहले से कहीं अधिक सुदृढ़ होगा।
रामेंद्र सिंह सेंगर ‘बना जी लंबे समय से संगठन के प्रति निष्ठावान रहकर जमीनी स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। सुदामा दीक्षित सहित सामाजिक और राजनीतिक समीकरणों पर दोनों नेताओं की गहरी पकड़ मानी जाती है। प्रदेश नेतृत्व द्वारा इन्हें कार्यसमिति में शामिल करने का स्पष्ट संकेत है कि पार्टी अनुभवी और जमीनी नेताओं को आगे रखकर आगामी रणनीतियों को धार देने की तैयारी में है।
लखनऊ से सूची जारी होने के बाद से ही रामेंद्र सिंह सेंगर ‘बना जी ‘ और सुदामा दीक्षित के आवास तथा कार्यालयों पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। समर्थकों व कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाएं पहनाकर और मिठाई बांटकर अपनी खुशी का इजहार किया। स्थानीय पदाधिकारियों का कहना है कि दोनों नेताओं के प्रदेश स्तर पर पहुंचने से क्षेत्र की समस्याएं और कार्यकर्ताओं की बात सीधे शीर्ष नेतृत्व तक मजबूती से पहुंच सकेगी। इससे न केवल कैडर में नई ऊर्जा का संचार होगा, बल्कि आने वाले समय में पार्टी का जनाधार भी और मजबूत होगा।




