लखनऊ। राजधानी लखनऊ के चिनहट क्षेत्र में 108 एम्बुलेंस सेवा ने तत्परता दिखाते हुए सांस लेने में परेशानी से जूझ रहे महज एक घंटे के नवजात शिशु को समय पर अस्पताल पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
जानकारी के अनुसार, गांधी हॉस्पिटल (50 बेड) में भर्ती खुशबू के नवजात शिशु को सांस लेने में गंभीर परेशानी हो रही थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए 108 एम्बुलेंस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही एम्बुलेंस संख्या UP32EG5064 महज 6 मिनट में घटनास्थल पर पहुंच गई।
मौके पर तैनात ईएमटी अनुज यादव ने चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार नवजात को 2 लीटर ऑक्सीजन सपोर्ट उपलब्ध कराया तथा पल्स ऑक्सीमीटर की सहायता से उसकी स्थिति की निगरानी की। इसके बाद पायलट शिवम कुशवाहा के सहयोग से नवजात को सुरक्षित रूप से एम्बुलेंस में शिफ्ट कर वी.जे. बाई अस्पताल के लिए रवाना किया गया।
इस दौरान ईएमटी अनुज यादव एवं पायलट शिवम कुशवाहा ने पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी निभाई।
108 एम्बुलेंस सेवा की त्वरित प्रतिक्रिया और कर्मचारियों की तत्परता ने आपातकालीन परिस्थितियों में प्री-हॉस्पिटल केयर के महत्व को एक बार फिर प्रदर्शित किया। प्रदेश की 108 एम्बुलेंस सेवा जरूरतमंद मरीजों को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है।

