उत्तर प्रदेशलखनऊ

मेजर अभिषेक सिंह को शौर्य चक्र देकर किया गया सम्मानित

कस्बा वासियों ने पुष्पवर्षा कर किया स्वागत
चित्र परिचय-मेजर अभिषेक सिंह का स्वागत करते कस्बावासी।

महमूदाबाद/सीतापुर। कस्बे के शेरापुर वार्ड निवासी मेजर अभिषेक सिंह को राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू द्वारा शौर्य चक्र देकर सम्मानित किए जाने के बाद गुरुवार को उनके महमूदाबाद पहुंचने पर उनका परिवार के साथ पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। नगर के विभिन्न मार्गों से उनके सम्मान में तिरंगा यात्रा निकाली गई। तिरंगा यात्रा में शौर्य चक्र से सम्मानित मेजर अभिषेक सिंह व उनकी माता लक्ष्मी सिंह खुली कार में नागरिकों द्वारा की जा रही पुष्पवर्षा व अभिनंदन स्वीकार करते हुए चल रहे थे।

अन्य गाड़ियों पर उनके पिता परमेश सिंह, भाई अनिकेत सिंह, बहन अंकिता और अर्पिता सिंह भी चल रही थीं। मेजर के सम्मान में नगर के रामकुंड चौराहा, कोतवाली, बिसवां तिराहा, रोडबेज बस स्टॉप होकर उनके शेरापुर वार्ड स्थित आवास तक बाइक व कारों पर सवार सैकड़ों लोगों द्वारा तिरंगा यात्रा निकाली गई। इस दौरान घरों के ऊपर से नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर उनका व उनके परिवार का अभिनंदन किया। मालूम हो कि छह जनवरी 2022 को जम्मू कश्मीर में आतंकवादियों पर फायरिंग की सूचना मिली थी।

अपने अचूक निशाने से एक आतंकी को मार गिराने, एक को घायल कर देने व ऑपरेशन के दौरान हैंड ग्रेनेड के हमले से घायल होने के बाद भी मेजर अभिषेक सिंह ने संकट में घायलावस्था में फंसे एक साथी को खींचकर सुरक्षित निकालने का साहसिक कार्य किया था। उनके इस अदम्य साहस के लिए उन्हें शौर्य चक्र देकर सम्मानित किए जाने का निर्णय लिया गया था। नौ मई को राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में शौर्य चक्र देकर सम्मानित किया था।

Related Articles

Back to top button
Close