एसीपी कृष्णा नगर ने जन चौपाल लगाकर सुनी लोगों की समस्याएं

कटी बगिया हरौनी मार्ग पर बढ़ती दुर्घटनाओं पर भी की चर्चा
समग्र चेतना/ राहुल तिवारी
लखनऊ | गुरूवार को सहायक पुलिस आयुक्त कृष्णानगर रजनीश वर्मा द्वारा बंथरा थाना क्षेत्र के हरौनी में जन संवाद एवं जन चौपाल का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के सम्मानित व्यापारीगण, स्थानीय नागरिकों एवं गणमान्य व्यक्तियों की सक्रिय सहभागिता रही।
चौपाल के दौरान क्षेत्र में सड़क किनारे संचालित हो रही किराना एवं सब्जी मंडियों के कारण उत्पन्न यातायात बाधा, जाम एवं संभावित सड़क दुर्घटनाओं के संबंध में गंभीरता पूर्वक विचार-विमर्श किया गया।
उपस्थित व्यापारीगण से अपील की गई कि वे सड़क किनारे दुकान/मंडी का संचालन न करते हुए निर्धारित स्थान पर ही अपने प्रतिष्ठान संचालित करें, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे एवं आमजन को अनावश्यक असुविधा का सामना न करना पड़े।इसके अतिरिक्त जन चौपाल में निम्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत जागरूकता प्रदान की गई साथ ही
साइबर सुरक्षा जागरूकता: अज्ञात कॉल, संदिग्ध लिंक एवं ओटीपी साझा न करने की सलाह दी गई तथा किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर सूचना देने हेतु प्रेरित किया गया।
महिला सुरक्षा: महिलाओं एवं बालिकाओं को 1090 एवं 112 हेल्पलाइन की जानकारी देते हुए किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस सहायता लेने हेतु जागरूक किया गया।
यातायात नियमों का पालन: वाहन चलाते समय हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग, नशे की अवस्था में वाहन न चलाने एवं ओवरलोडिंग से बचने हेतु निर्देशित किया गया।
नशा मुक्ति अभियान: युवाओं को नशे से दूर रहकर समाज में सकारात्मक योगदान देने हेतु प्रेरित किया गया।
अवैध गतिविधियों की सूचना: क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।
सामुदायिक पुलिसिंग: पुलिस एवं जनता के मध्य समन्वय स्थापित कर क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने हेतु सहयोग की अपेक्षा की गई।
अतिक्रमण निरोधात्मक कार्यवाही: सड़क एवं सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण न करने तथा प्रशासनिक अभियान में सहयोग करने हेतु प्रेरित किया गया।
सीसीटीवी स्थापना: व्यापारियों को अपने प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए प्रोत्साहित किया गया, जिससे अपराध नियंत्रण में सहायता मिल सके।
नकली मुद्रा से सतर्कता: व्यापारियों को नकली/संदिग्ध नोटों की पहचान करने एवं ऐसी स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचित करने के निर्देश दिए गए।
ई-रिक्शा/ठेला संचालन व्यवस्था: यातायात अवरोध से बचाव हेतु ई-रिक्शा एवं ठेला चालकों को निर्धारित स्थान पर ही वाहन खड़ा करने के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम में किसान संघ के प्रदेश अध्यक्ष राजेश सिंह चौहान, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य माखन सिंह, पूर्व प्रधान डब्बू सिंह वर्तमान प्रधान प्रतिनिधि समर सेन शेरा सहित तमाम व्यापारियों ने भी सहभागिता की|



