आपदा से निपटने के लिए यूपी में तैयार होगी स्वयंसेवकों की मजबूत फौज, 60 जिलों तक पहुंचा नागरिक सुरक्षा संगठन

उत्तर प्रदेश ब्रेकिंग न्यूज़ राज्य लखनऊ समग्र समाचार

सीएम योगी ने एयर रेड/ब्लैक आउट मॉक एक्सरसाइज-2026 का किया अवलोकन, बोले- आपदा कभी बताकर नहीं आती, पहले से तैयारी और प्रशिक्षित स्वयंसेवक ही बचा सकते हैं अनमोल जिंदगी

प्रदेश में 1,01,362 नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक सक्रिय, 1,08,627 लोगों को दिया जा चुका है आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आपदा कभी बताकर नहीं आती। ऐसे में उससे निपटने के लिए पहले से प्रशिक्षित स्वयंसेवकों और जागरूक नागरिकों का मजबूत तंत्र तैयार करना बेहद जरूरी है। नागरिक सुरक्षा का वास्तविक अर्थ संकट की घड़ी में किसी नागरिक को अकेला न छोड़ना है। प्राकृतिक आपदा हो, दुर्घटना या राष्ट्र के सामने कोई चुनौती, हर नागरिक को सजगता, सतर्कता और साहस के साथ अपनी भूमिका निभानी चाहिए।

मुख्यमंत्री रविवार को रिजर्व पुलिस लाइन्स, लखनऊ में नागरिक सुरक्षा विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित एयर रेड/ब्लैक आउट मॉक एक्सरसाइज-2026 कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने मॉक ड्रिल का अवलोकन किया और सिविल डिफेंस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, उत्तर प्रदेश पुलिस तथा अन्य संबंधित संस्थाओं के प्रयासों की सराहना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मॉक ड्रिल केवल एक अभ्यास नहीं, बल्कि हमारी तैयारियों की वास्तविक परीक्षा है। इससे पता चलता है कि आपात परिस्थितियों में हमारी व्यवस्था कितनी तत्पर है और कहां सुधार की आवश्यकता है। संकट के समय सही निर्णय, समय पर सूचना और प्रशिक्षित प्रतिक्रिया अनेक लोगों की जान बचा सकती है।

1962 से 2017 तक कुछ जिलों तक सीमित था संगठन

मुख्यमंत्री ने नागरिक सुरक्षा संगठन के विस्तार का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 1962 में भारत-चीन युद्ध के बाद आम नागरिकों को जागरूक और प्रशिक्षित करने के उद्देश्य से इस संगठन का गठन किया गया था। लेकिन वर्ष 2017 तक उत्तर प्रदेश में यह संगठन केवल कुछ जनपदों तक सीमित रहा। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान राष्ट्रीय सुरक्षा में नागरिकों की सहभागिता और संगठन की उपयोगिता को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से इसे प्रदेश के सभी 75 जनपदों में विस्तारित करने का निर्णय लिया गया।

उन्होंने बताया कि अब तक 60 जनपदों में नागरिक सुरक्षा संगठन का विस्तार हो चुका है। इन जिलों में जिलाधिकारी नियंत्रक के रूप में कार्य कर रहे हैं। सभी जनपदों में हवाई हमले की चेतावनी देने वाले सायरन भी पहुंचाए जा चुके हैं। प्रदेश में 1,01,362 स्वयंसेवक इस संगठन से जुड़ चुके हैं। ये स्वयंसेवक सुरक्षा की अतिरिक्त दीवार के साथ समाज की सामूहिक शक्ति के रूप में काम कर रहे हैं।

1.08 लाख से अधिक लोगों को मिला प्रशिक्षण

मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा आने के बाद प्रतिक्रिया देने से अधिक महत्वपूर्ण उसके पहले तैयारी करना है। प्रदेश के किसी भी जनपद, गांव अथवा नगर निकाय को आपदा प्रबंधन की व्यवस्था से अछूता नहीं रहना चाहिए। इसके लिए संसाधनों की उपलब्धता के साथ अधिक से अधिक प्रशिक्षित स्वयंसेवक तैयार करने होंगे।

उन्होंने बताया कि अब तक 1,08,627 नागरिकों, स्कूल-कॉलेजों के छात्र-छात्राओं, एनसीसी, एनएसएस कैडेट्स और होमगार्ड जवानों को आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया जा चुका है। भारतीय सेना की गोरखा राइफल्स के अधिकारियों ने नागरिक सुरक्षा के मास्टर ट्रेनर्स को उच्चस्तरीय प्रशिक्षण प्रदान किया है।

पुलिस, एनडीआरएफ और नागरिक सुरक्षा मिलकर करेंगी काम

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में बाढ़ अथवा अन्य किसी संकट की स्थिति में पुलिस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पीएसी की बाढ़ राहत इकाइयां और नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवक मिलकर परिस्थितियों का सामना करते हैं। इनके सामूहिक प्रयासों से आपदा के दौरान जन-धन की हानि को न्यूनतम करने में महत्वपूर्ण मदद मिलती है।

उन्होंने कहा कि विगत साढ़े नौ वर्षों में आपदा प्रबंधन, कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था में व्यापक परिवर्तन देखने को मिला है। इससे आम नागरिक का विश्वास मजबूत हुआ है। इस विश्वास को और सशक्त बनाने के लिए नियमित रूप से मॉक ड्रिल आयोजित करना आवश्यक है।

हर जिले में होंगी नियमित मॉक ड्रिल

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि लखनऊ की तर्ज पर प्रदेश के प्रत्येक जनपद में स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप मॉक ड्रिल आयोजित की जाए। बाढ़, भूकंप, आगजनी, आतंकी घटनाओं और युद्ध जैसी आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए नियमित अभ्यास कराया जाए। नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों के साथ एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस, पीएसी और होमगार्ड जवानों को भी नियमित प्रशिक्षण दिया जाए।

उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय और सामूहिक तैयारी से ही आपात परिस्थितियों में प्रभावी ढंग से काम किया जा सकता है। नागरिक सुरक्षा संगठन की सबसे बड़ी ताकत उसके स्वयंसेवकों की निष्काम सेवा भावना है। समाज और राष्ट्र के प्रति उत्तरदायित्व निभाने का यही भाव संकट के समय उन्हें फर्स्ट रिस्पॉन्डर के रूप में महत्वपूर्ण बनाता है।

कार्यक्रम में होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मवीर प्रजापति ने कहा कि मुख्यमंत्री ने संगठन की उपयोगिता को समझते हुए इसे 15 जनपदों की 17 इकाइयों से पूरे प्रदेश में विस्तारित किया है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में प्रदेश में 1,01,362 नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक कार्यरत हैं और इस वर्ष 1,08,627 नागरिकों को आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया गया है।

इस अवसर पर सांसद बृजलाल, विधायक डॉ. नीरज बोरा, अमरेश कुमार, लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल, पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण, अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री, गृह एवं सूचना संजय प्रसाद, प्रमुख सचिव नागरिक सुरक्षा संयुक्ता समद्दार सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।