सरोजनीनगर समाधान दिवस में अधिवक्ताओं ने डीएम को ज्ञापन सौंपकर की लेखपालों व तहसीलदार की शिकायत

डीएम ने दिया कार्यवाही का आश्वासन
समग्र चेतना/ राहुल तिवारी
लखनऊ। सरोजनीनगर तहसील में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में तहसील बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने तहसीलदार और लेखपालों की कार्यप्रणाली को लेकर जिलाधिकारी विशाख जी अय्यर के सामने कई शिकायतें दर्ज कराईं। बार एसोसिएशन अध्यक्ष कमलेश प्रताप सिंह और महामंत्री राजेंद्र यादव के नेतृत्व में पहुंचे अधिवक्ताओं ने तहसीलदार पर अधिवक्ताओं व आम जनता से अभद्र भाषा में बात करने और फोन नहीं उठाने का आरोप लगाते हुए उनका अन्यत्र स्थानांतरण करने की मांग की।अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि कई लेखपाल अपने आवास से कार्यालय संचालित कर रहे हैं और अवैध वसूली के लिए सहायक रखे हुए हैं। अधिवक्ताओं ने एक वर्ष से अधिक समय से एक ही क्षेत्र में तैनात लेखपालों को हटाने की मांग भी की।
इसके साथ ही नायब तहसीलदार बिजनौर न्यायालय का चार्ज किसी अन्य नायब तहसीलदार को देने, नए नायब तहसीलदार और पूर्णकालिक राजस्व निरीक्षक तैनात करने की मांग रखी। उन्होंने धारा-98 व 80 में पूर्व व्यवस्था लागू करने, धारा-76 के मामलों का शीघ्र निस्तारण और धारा-34 की पत्रावलियों को समयबद्ध तरीके से निपटाने की मांग भी की। अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर में नवसृजित न्यायालयों के लिए दो अतिरिक्त कक्ष, परिसर के सामने नाले का निर्माण और वादकारियों के बैठने के लिए बेंच उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही खराब वाटर कूलर और सौर ऊर्जा लाइटें दुरुस्त कराने तथा पोर्टल से खारिज पत्रावलियों को स्वत: दर्ज करने की व्यवस्था पर रोक लगाने की मांग भी की। डीएम ने तहसीलदार और लेखपालों पर लगाए गए आरोपों की जांच कराकर दोषी मिलने पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। वहीं आशियाना थाना क्षेत्र के बिजली पासी द्वितीय वार्ड निवासी हिमांशु तिवारी ने विवादित भूखंड पर तथ्यों को छिपाकर अस्थाई विद्युत कनेक्शन लेने की शिकायत की।
उन्होंने बताया कि 2024 के पंजीकृत बैनामों के आधार पर भूखंड पर उनका कब्जा है और मामला धारा-145 के तहत न्यायालय में विचाराधीन है। अगली तारीख 22 सितंबर है। इसके बावजूद रमेश चंद्र यादव द्वारा 11 सितंबर को दो किलोवाट का अस्थाई कनेक्शन लेने का आरोप लगाया। उन्होंने कनेक्शन निरस्त कर मीटर हटाने की मांग की। इसी तरह बंथरा के गढ़ी चुनौटी निवासी श्याम बिहारी ने कृषि कनेक्शन में छह वर्षों से कम पावर मिलने की शिकायत की। कम वोल्टेज के कारण ट्यूबवेल नहीं चल पाने से फसल प्रभावित होने की बात कही। उन्होंने ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने की मांग की। इसी प्रकार डीएम के पहुंचने से पहले भाजपा जिला मंत्री संजीव कुमार मिश्रा ने महिलाओं के साथ ब्लॉक कार्यालय के अधिकारियों पर सरकारी योजनाओं में लापरवाही और गौशाला अनुदान में भ्रष्टाचार के आरोप लगाए।
उन्होंने कई गांवों में खराब पड़े इंडिया मार्का हैंडपंपों और सुलभ शौचालय योजना में लाभार्थियों को धनराशि नहीं मिलने का मुद्दा उठाया। इसके अलावा कई अन्य फरियादियों ने भी शिकायतें दर्ज कराईं। संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने शिकायतें सुनने के बाद संबंधित अधिकारियों को सप्ताह भर के भीतर उनका निस्तारण करने के निर्देश दिए।




