बंथरा में युवती ने युवक पर लगाया छेड़छाड़ करने आरोप

समग्र चेतना/ राहुल तिवारी
लखनऊ। बंथरा थाना क्षेत्र के एक गांव की दलित युवती ने गाँव में ही रहने वाले युवक पर अश्लील इशारे करने के साथ विरोध करने पर छेड़छाड़ और मारपीट करने का आरोप लगाया है। 24 वर्षीया पीड़िता ने इस मामले में गांव के आलोक मौर्या पुत्र अरविंद मौर्या के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़िता के मुताबिक 11 सितंबर शुक्रवार की शाम करीब छह बजे वह घर के पास बकरी के लिए चारा डाल रही थी। इसी दौरान आलोक मौर्या उसे अश्लील इशारे करने लगा।
युवती ने विरोध किया तो आरोपी ने उसे पकड़कर चेस्ट पर हाथ लगाया और उसके कपड़े फाड़ दिए। आरोप है कि युवती ने शोर मचाया तो आरोपी ने उसका मुंह दबाकर उसके साथ मारपीट की। युवती की चीख-पुकार सुनकर उसकी मां बचाने पहुंची तो आरोपी ने दोनों को अश्लील व जातिसूचक गालियां देते हुए पास में पड़ी लाठी से उन्हें मारापीटा।
आरोप है कि युवती की मां के लाठी पकड़ लेने पर आरोपी ने उनके भी कपड़े फाड़ दिए और लातों से मारने के साथ बाल पकड़कर उन्हें घसीटा। जिससे उनके कपड़े अस्त व्यस्त हो गये। जब युवती मां को बचाने दौड़ी तो आरोपी ने उससे अभद्रता की और उसे घर के अंदर घसीटकर ले जाने लगा। लेकिन युवती ने किसी तरह बचकर डायल 112 पर इसकी सूचना दी। तब पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी धमकी देते हुए वहाँ से फरार हो गया। फिलहाल पुलिस ने पीड़ित युवती की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।



