कारगिल विजय दिवस बाइक रैली का जिलाधिकारी अभिषेक आनंद ने किया स्वागत

कारगिल विजय दिवस बाइक रैली का जिलाधिकारी अभिषेक आनंद ने किया स्वागत
रामनाथ रावत
सीतापुर/कारगिल विजय दिवस की 26वीं वर्षगांठ पर सातवीं बटालियन कुमाऊं रेजीमेंट ने एक विशेष बाइक रैली का आयोजन किया। सेना के 10 जवान 10 मोटरसाइकिलों पर सवार होकर सेंट्रल कमांड लखनऊ से बाराबंकी होते हुए सीतापुर पहुंचे। जिलाधिकारी कार्यालय के सभागार में रैली का भव्य स्वागत किया गया।इस मौके पर पूर्व सैनिक,वीर नारियों और युद्ध विधवाएं उपस्थित रहीं। बाइक रैली टीम का स्वागत जिलाधिकारी अभिषेक आनंद व सैनिक कल्याण बोर्ड के सेवानिवृत्त कमांडर राजीव पाठक ने किया। बता दें कि
मेजर रोहित सेठी के नेतृत्व में 10 बाइकर्स की टीम ने विभिन्न रिकॉर्ड कार्यालयों, स्पर्श प्रतिनिधियों और चिकित्सा प्रतिनिधियों के साथ मिलकर पेंशन और स्पर्श माइग्रेशन से संबंधित पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और वार विंडोज़ के विभिन्न मुद्दों के समाधान के लिए एक शिकायत निवारण प्रकोष्ठ की स्थापना की। शिकायत निवारण प्रकोष्ठ द्वारा शिकायतों का मौके पर समाधान प्रदान किया गया।
रैली का मुख्य उद्देश्य कारगिल युद्ध के शहीदों के शौर्य और बलिदान को जनता तक पहुंचाना है। साथ ही युवाओं को देशसेवा और राष्ट्रीय गौरव के प्रति प्रेरित करना भी इसका लक्ष्य है।
यह रैली सीतापुर से हरदोई और रायबरेली होते हुए 26 जुलाई को कारगिल विजय दिवस स्मारिका स्थल पर समाप्त होगी। इस यात्रा के माध्यम से भारतीय सेना की वीरता और त्याग की कहानी को जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। यह रैली लोगों को याद दिलाती है कि कैसे हमारे जवानों ने दुर्गम पहाड़ों पर शत्रु से लड़कर देश की विजय सुनिश्चित की।
 
					 
					

