यूपी बोर्ड परीक्षा 2027 का शेड्यूल जारी: यूपी बोर्ड 2027 की परीक्षाएं 5 फरवरी से, विधानसभा चुनाव के चलते इस बार सब कुछ जल्दी!

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के लाखों छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों का इंतजार खत्म हो गया है। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) ने साल 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की वार्षिक परीक्षाओं का पूरा और विस्तृत कार्यक्रम घोषित कर दिया है। इस बार बोर्ड परीक्षाएं तय समय से काफी पहले यानी पांच फरवरी से शुरू होकर 24 फरवरी तक चलेंगी। प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए शासन और बोर्ड प्रशासन ने इस बार परीक्षाओं को समय से पहले और बेहद कम दिनों में संपन्न कराने का बड़ा निर्णय लिया है।
पहली पाली सुबह 8:30 से 11:45 और दूसरी पाली दोपहर दो से शाम 5:15 बजे तक
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव भगवती सिंह ने परीक्षा कार्यक्रमों की घोषणा करते हुए बताया कि हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की ये परीक्षाएं एक साथ दो पालियों में आयोजित की जाएंगी। परीक्षा की पहली पाली सुबह 8:30 बजे से 11:45 बजे तक निर्धारित की गई है, जबकि दूसरी पाली दोपहर दो बजे से शाम 5:15 बजे तक संचालित होगी। बोर्ड ने इस बार परीक्षा की पूरी व्यवस्था को इस तरह से तैयार किया है कि लगभग 20 दिनों के भीतर ही सभी विषयों की परीक्षाएं सुचारू रूप से पूरी कराई जा सकें।
हिंदी से होगी शुरुआत, संस्कृत और कृषि के साथ समापन
पांच फरवरी को परीक्षा के पहले दिन पहली पाली में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट दोनों ही कक्षाओं की हिंदी विषय की परीक्षा के साथ महासंग्राम की शुरुआत होगी। हिंदी के पेपर के साथ ही पूरे प्रदेश में बोर्ड परीक्षाओं का माहौल गर्मा जाएगा। इसके बाद अलग-अलग तारीखों में विभिन्न विषयों के पेपर होते हुए यह सफर 24 फरवरी को जाकर थमेगा। परीक्षा के अंतिम दिन यानी 24 फरवरी को संस्कृत और कृषि विषय की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी, जिसके साथ ही यूपी बोर्ड की इन परीक्षाओं का समापन हो जाएगा।
विधानसभा चुनाव के चलते बोर्ड ने लिया बड़ा फैसला
आमतौर पर उत्तर प्रदेश में बोर्ड परीक्षाएं फरवरी के अंत या मार्च के महीने तक चलती थीं, लेकिन इस बार हालात अलग हैं। प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने हैं। चुनावों के दौरान मतदान केंद्रों पर सुरक्षा बलों की तैनाती, प्रशासनिक अमले और शिक्षकों की चुनावी ड्यूटी जैसी व्यस्तताओं के कारण बोर्ड ने समय रहते इस बार परीक्षा फरवरी के शुरुआती हफ्तों में ही कराने का खाका तैयार किया है। इसके चलते इस बार परीक्षाओं के बीच गैप भी काफी कम मिल रहा है और छात्रों को अपनी तैयारी की रफ्तार को तेज करना होगा।
केंद्रों और कॉपियों को लेकर तैयारियां तेज
अब जबकि तारीखों का आधिकारिक ऐलान हो चुका है, शिक्षा विभाग और विद्यालयों ने भी अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। परीक्षा केंद्रों का निर्धारण, कॉपियों के मूल्यांकन और प्रश्न पत्रों की सुरक्षा को लेकर भी बोर्ड स्तर पर काम तेजी से चल रहा है। कम समय और कड़े शेड्यूल को देखते हुए छात्रों के लिए यह जरूरी हो गया है कि वे बिना समय गंवाए अपनी पढ़ाई की रणनीति को मजबूत करें और टाइम-टेबल के हिसाब से रिवीजन शुरू कर दें।
विषयवर देखे समयसारणी
.jpg)
.jpg)




