संविधान दिवस पर विद्यालयों में लोकतांत्रिक मूल्यों की पाठशाला, पोस्टर, चित्रकला और कोलाज के जरिए बच्चों ने समझी संविधान की महत्ता
संविधान सभा के सदस्यों और उनके योगदान से परिचित हुए विद्यार्थी, मौलिक अधिकारों के साथ नागरिक कर्तव्यों की भी मिली सीख
लखनऊ, 26 नवंबर। संविधान दिवस पर उत्तर प्रदेश के विद्यालयों में संवैधानिक चेतना का व्यापक अभियान देखने को मिला। प्रदेश के 1.33 लाख परिषदीय विद्यालयों के 1.42 करोड़ विद्यार्थियों ने संविधान दिवस के आयोजनों में भाग लेकर संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को संविधान के मूल आदर्शों, लोकतांत्रिक परंपराओं और जिम्मेदार नागरिकता के महत्व से परिचित कराया गया।
बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह के मार्गदर्शन में परिषदीय और माध्यमिक विद्यालयों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रार्थना सभाओं से लेकर रचनात्मक गतिविधियों तक विद्यार्थियों ने संविधान निर्माण की ऐतिहासिक यात्रा को समझा। इसका उद्देश्य बच्चों में शिक्षा के साथ न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता जैसे संवैधानिक मूल्यों की समझ विकसित करना रहा।
प्रस्तावना के पाठ से समझा संविधान का महत्व
विद्यालयों की प्रार्थना सभाओं में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया। बच्चों को बताया गया कि न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता भारतीय लोकतंत्र की आधारशिला हैं। इन मूल्यों को जीवन में अपनाना और उनका सम्मान करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
संविधान निर्माण की यात्रा से हुए परिचित
विद्यालयों में परिचर्चाओं और शैक्षिक गतिविधियों के जरिए विद्यार्थियों को संविधान सभा की भूमिका, उसके सदस्यों के योगदान और संविधान निर्माण की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। बच्चों ने जाना कि भारतीय संविधान सामूहिक विचार-विमर्श और व्यापक लोकतांत्रिक संवाद का परिणाम है।
पोस्टर और चित्रकला में दिखाई रचनात्मकता
संविधान दिवस के आयोजनों को रोचक और सहभागितापूर्ण बनाने के लिए पोस्टर, चित्रकला, बुकमार्क, बैज और कोलाज जैसी प्रतियोगिताएं एवं गतिविधियां आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा के माध्यम से संविधान के सिद्धांतों, नागरिक अधिकारों और राष्ट्रीय मूल्यों को अभिव्यक्त किया।
अधिकारों के साथ कर्तव्यों की भी समझ
कार्यक्रमों के दौरान विद्यार्थियों को मौलिक अधिकारों के साथ मौलिक कर्तव्यों की जानकारी भी दी गई। सामाजिक समरसता, विविधता में एकता, राष्ट्रीय अखंडता और लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति सम्मान का संदेश दिया गया। विद्यालयों में आयोजित गतिविधियों और विद्यार्थियों की सहभागिता का विवरण डिजिटल माध्यम से भी दर्ज किया गया।
इन आयोजनों के माध्यम से विद्यार्थियों को यह समझाने का प्रयास किया गया कि संविधान केवल कानूनों का दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था, नागरिक अधिकारों और राष्ट्रीय एकता का आधार है। नई पीढ़ी में संवैधानिक मूल्यों के प्रति समझ विकसित करना ही इन कार्यक्रमों का प्रमुख उद्देश्य रहा।

