किसानों को छह लाख रुपये तक का ऋण छह फीसदी से कम ब्याज पर मिलेगा

उत्तर प्रदेश लखनऊ

मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना को लेकर मोहनलालगंज में स्थित सहकारी ग्राम विकास बैंक में गोष्ठी आयोजित, सभापति वीरेंद्र प्रताप सिंह ने किसानों को दी योजनाओं की जानकारी

समग्र चेतना/ राहुल तिवारी

मोहनलालगंज। मोहनलालगंज कस्बे में स्थित उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक में गुरुवार को मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना समेत अन्य सहकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं किसानों को जागरूक करने के उद्देश्य से गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में मुख्य अतिथि जिला सहकारी बैंक लखनऊ के सभापति वीरेंद्र प्रताप सिंह ने किसानों को सरकार की ओर से संचालित विभिन्न ऋण योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी।सभापति वीरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों को कृषि एवं उससे जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए छह लाख रुपये तक का ऋण छह प्रतिशत से कम ब्याज दर पर उपलब्ध करा रही है। ऋण वितरण प्रक्रिया को पारदर्शी और सुगम बनाने के लिए मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि पोर्टल विकसित किया गया है। उन्होंने किसानों से सहकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाकर अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत करने की अपील की।सभापति वीरेन्द्र प्रताप सिंह ने आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर चलाए जा रहे विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान पर भी जोर दिया। उन्होंने किसानों एवं उपस्थित लोगों से अपील की कि अभियान के तहत अपने परिवार और आसपास के सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए जागरूक करें।उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में नाम होना बेहद जरूरी है।

शाखा अध्यक्ष अशोक तिवारी ने कहा कि सहकारी ग्राम विकास बैंक किसानों की आर्थिक उन्नति और कृषि गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र किसानों तक पहुंचाना बैंक की प्राथमिकता है। किसानों को जागरूक कर उन्हें योजनाओं से जोड़ने में इस तरह की गोष्ठियां महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
शाखा प्रबंधक सुधीर कुमार सिंह ने कहा कि बैंक के माध्यम से किसानों को विभिन्न सहकारी ऋण योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही पात्र किसानों को ऋण उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना किसानों के लिए लाभकारी साबित होगी। उन्होंने किसानों से बैंक से संपर्क कर योजनाओं की पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया की जानकारी लेने की अपील की।इस मौके पर शाखा अध्यक्ष अशोक तिवारी एवं प्रबंधक सुधीर कुमार सिंह ने मुख्य अतिथि वीरेंद्र प्रताप सिंह का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंटकर स्वागत किया। गोष्ठी में जिला सहकारी बैंक लखनऊ के निदेशक देशपाल सिंह, साधन सहकारी समिति मऊ के प्रशासक रंजीत बक्श सिंह, एडीसीओ विनोद कुमार, एडीओ कोऑपरेटिव शिव कुमार, भाजपा किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष चक्रवीर सिंह, मनीष तिवारी, आशीष सिंह समेत विभिन्न सहकारी समितियों के प्रशासक एवं बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।