बाबा साहेब आंबेडकर समेत सामाजिक न्याय के महापुरुषों की प्रतिमाओं के सौंदर्यीकरण के लिए 3,955 स्थलों पर कार्यों का शुभारंभ
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत की संप्रभुता किसी व्यक्ति, परिवार या जाति विशेष में नहीं, बल्कि देश के आम नागरिक में निहित है। संविधान ने प्रत्येक भारतीय को यह अधिकार और दायित्व दिया है कि वह देश का वास्तविक संरक्षक है। कोई व्यक्ति या परिवार यह दावा नहीं कर सकता कि उसके कारण भारत का अस्तित्व है या वही देश का संरक्षक है। भारत का प्रत्येक नागरिक संविधान की गरिमा और लोकतंत्र की रक्षा के लिए उत्तरदायी है।
मुख्यमंत्री गुरुवार को लोकभवन में आयोजित संविधान गौरव दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर सहित सामाजिक न्याय के महापुरुषों की प्रतिमाओं के सौंदर्यीकरण के लिए प्रदेश के 3,955 स्थलों पर कार्यों का शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान हम सबका गौरव और 145 करोड़ भारतवासियों का मार्गदर्शक है। यह केवल अधिकारों का स्मरण नहीं कराता, बल्कि कर्तव्यों का बोध भी कराता है। संविधान निर्माताओं ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के उस विचार को ध्यान में रखा था कि भारत का राजनीतिक भाग्य भारतवासी स्वयं तय करेंगे। इसी भावना के अनुरूप संविधान निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई।
पहले दिन से हर वयस्क नागरिक को मिला मताधिकार
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारतीय संविधान दुनिया के विशिष्ट संविधानों में शामिल है। इसकी सबसे बड़ी विशेषता यह है कि संविधान लागू होने के पहले दिन से ही प्रत्येक वयस्क भारतीय को बिना जाति, क्षेत्र, भाषा और लैंगिक भेदभाव के मतदान का अधिकार दिया गया। दुनिया के कई देश, जो स्वयं को लोकतंत्र का बड़ा समर्थक बताते हैं, वहां लंबे समय तक रंगभेद और लिंगभेद के आधार पर नागरिकों को समान अधिकारों से वंचित रखा गया। भारत ने लोकतंत्र की इस भावना को संविधान के प्रारंभ से ही आत्मसात किया।
संविधान के नाम पर भ्रम फैलाने वालों से रहें सतर्क
मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग लाल पुस्तिका लेकर संविधान के नाम पर भ्रम फैलाने और जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। यदि उन्होंने संविधान को गंभीरता से पढ़ा होता तो भारत की संप्रभुता का संरक्षक होने का दावा करने का दुस्साहस नहीं करते।
उन्होंने कहा कि आजादी के तत्काल बाद पहला संविधान संशोधन प्रेस की आजादी को प्रभावित करने के लिए किया गया। समय-समय पर राजनीतिक स्वार्थों के लिए संविधान में संशोधन किए गए। ऐसे लोगों ने केवल संविधान ही नहीं, बल्कि देश की संवैधानिक संस्थाओं और लोकतंत्र को भी कठघरे में खड़ा करने का प्रयास किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान और लोकतंत्र को कमजोर करने की साजिशों से देश को बचाना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।

कांग्रेस ने की बाबा साहेब की उपेक्षा, सपा ने महापुरुषों का किया अपमान
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर को उनके जीवनकाल में भारत रत्न नहीं मिलने दिया। उन्हें संसद तक पहुंचने से रोकने और चुनाव हराने के लिए भी प्रयास किए गए। उन्होंने पिछली सरकारों पर महापुरुषों के सम्मान की उपेक्षा करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार ने कन्नौज मेडिकल कॉलेज से बाबा साहेब आंबेडकर का नाम हटा दिया था। असीम अरुण के पत्र लिखने के बाद प्रदेश सरकार ने दोबारा मेडिकल कॉलेज का नाम बाबा साहेब के नाम पर किया। इसी प्रकार उरई मेडिकल कॉलेज का नाम लोकमाता अहिल्याबाई होलकर के नाम पर रखा गया।
मुख्यमंत्री ने महाराज सुहेलदेव का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने लगभग एक हजार वर्ष पहले विदेशी आक्रांताओं को मुंहतोड़ जवाब देकर भारत की रक्षा की थी, लेकिन उनके नाम पर कोई स्मारक नहीं बनाया गया। भाजपा सरकार बनने के बाद बहराइच में उनका भव्य स्मारक बनाया गया। बहराइच और आजमगढ़ के मेडिकल कॉलेजों का नाम भी महाराज सुहेलदेव के नाम पर रखा गया।
उन्होंने राजा महेंद्र प्रताप सिंह के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने वर्ष 1915 में अफगानिस्तान में भारत की अंतरिम सरकार का गठन किया था। उनके सम्मान में अलीगढ़ में राज्य विश्वविद्यालय का निर्माण कराया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान की मूल भावना समानता, न्याय, स्वतंत्रता और बंधुत्व पर आधारित है। इसकी गरिमा बनाए रखना केवल सरकार या किसी संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर भारतवासी का दायित्व है। अधिकारों के साथ कर्तव्यों का पालन करके ही हम संविधान के प्रति अपनी सच्ची निष्ठा प्रदर्शित कर सकते हैं।

