सिफारिश नहीं, योग्यता से मिल रही नौकरी, परीक्षा सुधार में यूपी बना मिसाल : योगी

उत्तर प्रदेश ब्रेकिंग न्यूज़ राज्य लखनऊ समग्र समाचार

नंदन नीलेकणि की अध्यक्षता वाली केंद्र की हाई पावर्ड टास्क फोर्स ने यूपी की भर्ती एवं परीक्षा प्रणाली का किया अध्ययन

मुख्यमंत्री बोले- पारदर्शी चयन से मजबूत होंगी संस्थाएं, अच्छे लोगों के चयन से ही विकसित और आत्मनिर्भर बनेगा उत्तर प्रदेश

नीलेकणि ने प्रदेश में इंफ्रास्ट्रक्चर और विकास कार्यों की सराहना की, राष्ट्रीय स्तर पर परीक्षा सुधार के लिए यूपी के अनुभवों को बताया महत्वपूर्ण

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में भर्ती और प्रतियोगी परीक्षाओं की व्यवस्था में किए गए सुधारों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अब प्रदेश का युवा नौकरी पाने के लिए सिफारिश नहीं करता, बल्कि अपनी काबिलियत और मेहनत के बल पर सफलता हासिल करता है। सरकार ने युवाओं को शुचितापूर्ण परीक्षा और निष्पक्ष चयन का भरोसा दिया है। परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री गुरुवार को केंद्र सरकार की हाई पावर्ड टास्क फोर्स (एचपीटीएफ) के अध्यक्ष नंदन नीलेकणि और उनकी टीम के साथ बैठक कर रहे थे। टास्क फोर्स उत्तर प्रदेश में भर्ती एवं परीक्षा प्रणाली में किए गए सुधारों और पारदर्शी परीक्षा आयोजन की कार्यप्रणाली का अध्ययन करने पहुंची थी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार की मंशा पहले दिन से ही स्पष्ट रही है। उत्तर प्रदेश के युवाओं को निष्पक्ष परीक्षा और पारदर्शी नियुक्ति प्रक्रिया उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है। हमारा मानना है कि अच्छे लोगों का चयन अच्छे परिणाम लाता है। यदि योग्य लोगों को जिम्मेदारी मिलेगी तो संस्थाओं का प्रदर्शन बेहतर होगा। इससे नए भारत के नए उत्तर प्रदेश को विकसित और आत्मनिर्भर बनाने का लक्ष्य भी पूरा होगा।

नकल माफिया पर अंकुश, अभ्यर्थियों का भरोसा बढ़ाने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य में सभी स्तरों पर परीक्षाओं का निष्पक्ष आयोजन बड़ी चुनौती है। एक समय था जब नकल माफिया ने परीक्षा व्यवस्था को प्रभावित कर दिया था। इससे युवाओं के मन में व्यवस्था के प्रति अविश्वास पैदा हुआ और उन्हें लगने लगा था कि मेहनत तथा योग्यता के बावजूद उनके साथ न्याय नहीं हो पाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने परीक्षा आयोजन की व्यवस्थाओं को मजबूत करने के साथ भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए कई कदम उठाए हैं। सरकार की प्राथमिकता है कि प्रत्येक परीक्षा शुचिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न हो तथा योग्य अभ्यर्थियों को उनकी क्षमता के अनुरूप अवसर मिले।

अफवाह और भ्रामक सूचनाओं पर भी निगरानी

मुख्यमंत्री ने कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए केवल परीक्षा केंद्रों और आयोजन व्यवस्था पर ही ध्यान नहीं दिया जाता, बल्कि सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं की भी नियमित निगरानी की जाती है। संबंधित आयोगों, भर्ती बोर्डों और पुलिस तंत्र के बीच समन्वय स्थापित किया गया है।

यदि कोई व्यक्ति परीक्षा या भर्ती प्रक्रिया को लेकर आरोप लगाता है तो उससे संबंधित प्रमाण और दस्तावेज मांगे जाते हैं। प्रमाण मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाती है। वहीं, जानबूझकर अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध भी आवश्यक कदम उठाए जाते हैं। इससे परीक्षा प्रक्रिया में जवाबदेही और अभ्यर्थियों का विश्वास बनाए रखने में मदद मिलती है।

आयोगों ने टास्क फोर्स के सामने रखा सुधारों का ब्यौरा

बैठक में प्रदेश के विभिन्न आयोगों और भर्ती बोर्डों के अध्यक्षों ने परीक्षा आयोजन से लेकर अभ्यर्थियों के चयन और नियुक्ति पत्र वितरण तक की व्यवस्थाओं की जानकारी दी। पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड, उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग और उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के अध्यक्षों ने भर्ती प्रक्रिया में किए गए सुधारों, पारदर्शिता और अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए विकसित व्यवस्थाओं का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि योग्य अभ्यर्थियों का चयन केवल नौकरी देने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रदेश की संस्थाओं की कार्यक्षमता और विकास की गुणवत्ता से भी जुड़ा है। यदि संस्थाओं में योग्य और सक्षम लोग आएंगे तो उनके कामकाज के परिणाम भी बेहतर होंगे।

राष्ट्रीय स्तर पर परीक्षा सुधार में उपयोगी होंगे यूपी के अनुभव

हाई पावर्ड टास्क फोर्स के अध्यक्ष नंदन नीलेकणि ने उत्तर प्रदेश में हुए इंफ्रास्ट्रक्चर और विकास कार्यों की सराहना की। उन्होंने देश में परीक्षा सुधार की दिशा में उत्तर प्रदेश के अनुभवों और सुझावों को महत्वपूर्ण बताया।

बैठक में भर्ती प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और प्रभावी बनाने के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श हुआ। उत्तर प्रदेश में विकसित व्यवस्थाओं का अध्ययन राष्ट्रीय स्तर पर परीक्षा प्रणाली में सुधार के लिए उपयोगी हो सकता है।