दूध की हर बूंद में समृद्धि की कहानी, देश की डेयरी राजधानी बना उत्तर प्रदेश

उत्तर प्रदेश पंजाब ब्रेकिंग न्यूज़ राज्य लखनऊ समग्र समाचार

राष्ट्रीय दुग्ध दिवस विशेष : आठ वर्षों में 277 से बढ़कर 388 लाख मीट्रिक टन के पार पहुंचा दूध उत्पादन, देश के कुल उत्पादन में 16 प्रतिशत हिस्सेदारी

चार लाख से अधिक महिलाएं डेयरी कारोबार से जुड़ीं, 76 हजार बनीं लखपति दीदी; देशी गायों के 150 से अधिक उत्पादों की विदेशों तक पहुंच

गांव की अर्थव्यवस्था से ग्लोबल बाजार तक पहुंचा यूपी का डेयरी मॉडल, पशुपालन बना रोजगार और स्वरोजगार का नया आधार

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में दूध अब केवल ग्रामीण परिवारों की रोजमर्रा की जरूरत या पशुपालकों की अतिरिक्त आमदनी का जरिया नहीं रह गया है। यह ग्रामीण अर्थव्यवस्था, महिला सशक्तीकरण, स्वरोजगार और उद्यमिता की नई पहचान बन रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश ने दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में अपनी अग्रणी स्थिति को और मजबूत किया है। वर्ष 2016-17 में प्रदेश का दुग्ध उत्पादन 277 लाख मीट्रिक टन था, जो वर्ष 2024-25 में बढ़कर 388 लाख मीट्रिक टन के पार पहुंच गया। यानी आठ वर्षों में उत्पादन में 40 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई। देश के कुल दूध उत्पादन में करीब 16 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ उत्तर प्रदेश देश में पहले स्थान पर है।

इस बदलाव की कहानी केवल बढ़ते उत्पादन तक सीमित नहीं है। प्रदेश में डेयरी कारोबार को पशुपालकों की आय, ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक स्वतंत्रता, देशी गोवंश के संरक्षण और उत्पादों के अंतरराष्ट्रीय विपणन से जोड़ा जा रहा है। एक ओर गांवों में महिलाएं दुग्ध समितियों और उत्पादक कंपनियों के जरिए कारोबार की कमान संभाल रही हैं, तो दूसरी ओर देशी गायों पर आधारित 150 से अधिक उत्पाद विदेशी बाजारों तक पहुंच रहे हैं।

खेत-खलिहान से अर्थव्यवस्था तक पहुंचा दूध का कारोबार

उत्तर प्रदेश की दुग्ध विकास यात्रा में उत्पादन वृद्धि के साथ पशुपालकों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने पर जोर दिया गया है। पशुपालन विभाग के अपर मुख्य सचिव मुकेश मेश्राम के अनुसार, दुग्ध उत्पादन में हुई वृद्धि योजनाबद्ध विकास और जमीनी स्तर पर किए गए प्रयासों का परिणाम है। सरकार पशुपालन और डेयरी गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के साथ पशुपालकों की आय बढ़ाने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है।

दुग्ध उत्पादन में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र जैसे प्रमुख दुग्ध उत्पादक राज्यों से अधिक है। इससे प्रदेश की राष्ट्रीय डेयरी अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका सामने आती है। अब सरकार का जोर उत्पादन के साथ दूध के प्रसंस्करण, विपणन और उससे बनने वाले मूल्यवर्धित उत्पादों को भी बढ़ावा देने पर है।

 देशी गाय से 150 उत्पाद, 10 से अधिक देशों तक पहुंच

उत्तर प्रदेश में गोवंश संरक्षण को आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने का एक उदाहरण गाजियाबाद का हेता (HETHA) एथिकल डेयरी मॉडल है। अमेरिका सहित कई देशों की सॉफ्टवेयर कंपनियों में 14 वर्ष तक इंजीनियर के रूप में काम करने के बाद असीम रावत ने देशी गायों के संरक्षण और उनसे जुड़े उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने की पहल की। आज करीब 100 लोगों की टीम के साथ यह मॉडल एक हजार से अधिक देशी गायों के संरक्षण और उनसे जुड़े उत्पादों के निर्माण का काम कर रहा है।

इस मॉडल के तहत ए2 दूध, पारंपरिक बिलौना घी, ब्राह्मी घृत, शतधौत घृत, कुकीज, लड्डू, हर्बल चाय, स्किन और हेयर केयर उत्पाद तथा गोमूत्र अर्क सहित 150 से अधिक उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं। इनसे करीब 10 करोड़ रुपये का सालाना कारोबार हो रहा है।

खास बात यह है कि इन उत्पादों की पहुंच भारत से बाहर भी बनी है। अमेरिका, कनाडा, ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, सिंगापुर, दुबई और यूरोप सहित 10 से अधिक देशों में इनकी मांग और बाजार मौजूद है। इस मॉडल की एक विशेषता यह भी है कि इसमें गोवंश को केवल दूध उत्पादन के नजरिये से नहीं देखा जाता। दूध देना बंद कर चुके वृद्ध गोवंश के संरक्षण और देखभाल की व्यवस्था भी इसका हिस्सा है।

चार लाख महिलाओं ने संभाली डेयरी कारोबार की कमान

उत्तर प्रदेश की दुग्ध अर्थव्यवस्था में ग्रामीण महिलाओं की भागीदारी एक बड़ा बदलाव लेकर आई है। उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से चार लाख से अधिक महिला दुग्ध उत्पादक डेयरी गतिविधियों से जुड़ी हैं। प्रदेश के 31 जिलों में महिला नेतृत्व वाले दुग्ध नेटवर्क के जरिए प्रतिदिन 13 लाख लीटर से अधिक दूध का संग्रह किया जा रहा है। इस नेटवर्क से जुड़ी 76 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।

इस व्यवस्था में महिलाओं की भूमिका केवल दूध उत्पादन तक सीमित नहीं है। वे दूध संग्रह, गुणवत्ता परीक्षण, विपणन, मूल्य निर्धारण और भुगतान की प्रक्रिया में भी भागीदारी कर रही हैं। डिजिटल मशीनों और मोबाइल एप के माध्यम से दूध की मात्रा, फैट की जांच, कीमत और भुगतान का रिकॉर्ड ऑनलाइन उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे पारदर्शिता बढ़ने के साथ महिलाओं को अपने उत्पाद का उचित मूल्य जानने और कारोबार का हिसाब रखने में सहूलियत मिल रही है।

उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के मिशन निदेशक अरुण कुमार के अनुसार, डिजिटल डेयरी नेटवर्क ने ग्रामीण महिलाओं की आमदनी और कारोबार में उनकी भागीदारी को मजबूत किया है। अब महिलाएं केवल दूध उत्पादक नहीं, बल्कि डेयरी कारोबार की संचालक और निर्णयकर्ता के रूप में भी अपनी भूमिका निभा रही हैं।

पांच महिला कंपनियों से संगठित हुआ दुग्ध बाजार

ग्रामीण महिलाओं को संगठित बाजार और कारोबार का मंच उपलब्ध कराने के लिए आजीविका मिशन के तहत पांच महिला नेतृत्व वाली दुग्ध उत्पादक कंपनियों का नेटवर्क विकसित किया गया है।

– बुंदेलखंड में बलिनी एमपीसीएल
– पूर्वांचल में काशी एमपीसीएल
– अवध क्षेत्र में सामर्थ्य एमपीसीएल
– गोरखपुर मंडल में श्री बाबा गोरखनाथ कृपा एमपीसीएल
– तराई क्षेत्र में सृजन एमपीसीएल

इन कंपनियों के माध्यम से महिलाएं दूध संग्रह से लेकर गुणवत्ता परीक्षण, विपणन और भुगतान तक की प्रक्रिया में सीधे शामिल हैं। पहले स्थानीय खरीदारों और बिचौलियों पर निर्भर रहने वाली महिलाओं को अब संगठित बाजार उपलब्ध हो रहा है। डिजिटल व्यवस्था के कारण दूध की गुणवत्ता और मात्रा के आधार पर कीमत तय करने में पारदर्शिता आई है। भुगतान सीधे बैंक खातों में पहुंचने से महिलाओं की आर्थिक स्वतंत्रता को भी बल मिला है।

इसका असर परिवार और गांव की अर्थव्यवस्था पर भी दिखाई दे रहा है। महिलाएं डेयरी से होने वाली आमदनी का उपयोग बच्चों की शिक्षा, परिवार की जरूरतों और अन्य आर्थिक जिम्मेदारियों को पूरा करने में कर रही हैं।

मिनी-नंदिनी योजना से युवाओं को डेयरी उद्यम का अवसर

दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के साथ योगी सरकार डेयरी कारोबार को व्यावसायिक स्वरूप देने पर भी जोर दे रही है। मिनी-नंदिनी योजना और डेयरी मास्टरप्लान के माध्यम से युवाओं तथा पशुपालकों को डेयरी इकाइयां स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।योजनाओं के तहत पात्र पशुपालकों को दो से 25 गायों तक की डेयरी इकाइयां स्थापित करने के लिए सहायता और अनुदान उपलब्ध कराने की व्यवस्था है। स्वदेशी नस्ल की गायों के पालन को प्रोत्साहित करने के लिए संबंधित योजनाओं में 50 प्रतिशत तक सब्सिडी का प्रावधान भी किया गया है। इन पहलों से ग्रामीण युवाओं को अपने गांव में ही उद्यम शुरू करने का अवसर मिल रहा है। डेयरी इकाइयों के विस्तार से पशुपालन को नियमित आय के व्यवसाय के रूप में विकसित करने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा करने की संभावनाएं बढ़ी हैं।