उत्तर प्रदेशलखनऊसमग्र समाचार

बार एसोसिएशन का प्रयास लाया रंग,मोहनलालगंज कस्बे में बनेगा उप निबंधक कार्यालय

मोहनलालगंज बार एसोसिएशन की जनहित की मुहिम को मिली सफलता, कैबिनेट ने 953 वर्ग मीटर भूमि हस्तांतरण को दी मंजूरी

समग्र चेतना/ राहुल तिवारी

मोहनलालगंज। मोहनलालगंज बार एसोसिएशन द्वारा लंबे समय से उठाई जा रही मांग आखिरकार सफल हो गई।क्षेत्रवासियों की सुविधा को देखते हुए मोहनलालगंज कस्बे में उप निबंधक कार्यालय स्थापित किए जाने के लिए राज्य कैबिनेट ने मऊ ग्राम की 953 वर्ग मीटर राजस्व विभाग की भूमि को स्टांप एवं पंजीकरण विभाग को हस्तांतरित करने के प्रस्ताव को बुद्ववार को मंजूरी दे दी है। इससे अब कस्बे में उप निबंधक कार्यालय के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो गया है।बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कौशलेन्द्र शुक्ला एवं महामंत्री रामलखन ने अधिवक्ताओं के सहयोग से इस मुद्दे को लगातार प्रमुखता से उठाया था। उन्होंने जनहित में प्रशासन से मांग की थी कि उप निबंधक कार्यालय ऐसी जगह बनाया जाए जहां क्षेत्रीय लोग आसानी से पहुंच सके।

अध्यक्ष कौशलेन्द्र शुक्ला ने बताया कि पहले तहसील प्रशासन द्वारा मोहारीकला गांव की भूमि का प्रस्ताव भेजा गया था, जो कस्बे से करीब दस किलोमीटर दूर थी। इससे रजिस्ट्री कराने आने वाले लोगों को अनावश्यक परेशानी होती। जानकारी होने पर बार एसोसिएशन ने इसका विरोध करते हुए जिलाधिकारी से मुलाकात कर और कार्यालय को मोहनलालगंज कस्बे में स्थापित करने की मांग उठाई थी।जिसके बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर तहसील प्रशासन ने कस्बे में ईवीएम वेयरहाउस से सटी राजस्व विभाग की लगभग भूमि चिन्हित कर प्रस्ताव भेजा, जिसे शासन ने स्वीकृति प्रदान कर दी। बुधवार को हुई राज्य कैबिनेट की बैठक में भूमि हस्तांतरण के प्रस्ताव पर मुहर लग गई।

गुरुवार को बार एसोसिएशन भवन में आयोजित प्रेसवार्ता में अध्यक्ष कौशलेन्द्र शुक्ला एवं महामंत्री रामलखन ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत प्रदेश सरकार व जिलाधिकारी एवं प्रशासनिक अधिकारियो का आभार जताया। उन्होंने कहा कि उप निबंधक कार्यालय बनने से मोहनलालगंज समेत आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों लोगों को स्थानीय स्तर पर रजिस्ट्री की सुविधा मिलेगी और समय व धन दोनों की बचत होगी।बार एसोसिएशन पदाधिकारियों ने इसे अधिवक्ताओं के सामूहिक प्रयास और जनहित की बड़ी जीत बताते हुए कहा कि क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए संगठन आगे भी सक्रिय भूमिका निभाता रहेगा।

Related Articles

Back to top button
Close