उत्तर प्रदेशलखनऊ

मोहम्मदी विधानसभा में छह ग्रामीण स्टेडियम बनाने का प्रस्ताव, गौरव गुप्ता ने उठाई मांग

मोहम्मदी में आधुनिक स्टेडियम तो पांच अन्य स्थानों पर मिनी स्टेडियम और ओपन जिम विकसित करने का रखा प्रस्ताव

लखीमपुर खीरी। मोहम्मदी विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण युवाओं को खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए छह स्थानों पर ग्रामीण स्टेडियम विकसित करने की मांग उठाई गई है। गौमंगल ग्रामोदय मिशन के संयोजक गौरव कुमार गुप्ता ने ‘मिशन विकसित मोहम्मदी 144’ के तहत यह प्रस्ताव रखते हुए कहा कि क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए स्थानीय स्तर पर बेहतर मैदान, आधुनिक सुविधाएं और प्रशिक्षण की व्यवस्था मिलनी चाहिए।

गौरव गुप्ता ने कहा कि मोहम्मदी और पसगवां क्षेत्र के गांवों में क्रिकेट, कबड्डी, कुश्ती, दौड़, वॉलीबॉल सहित विभिन्न खेलों में युवाओं की रुचि है, लेकिन पर्याप्त खेल मैदान और प्रशिक्षण सुविधाओं के अभाव में उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर नहीं मिल पाता। उन्होंने कहा कि ग्रामीण युवाओं को भी शहरों की तरह खेल सुविधाएं मिलनी चाहिए, ताकि वे राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।

उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार की ग्रामीण स्टेडियम एवं ओपन जिम निर्माण योजना के तहत प्रत्येक विकासखंड में खेल सुविधाएं विकसित करने की नीति बनाई गई है। योगी मंत्रिमंडल ने 10 मार्च 2023 को इस नीति को मंजूरी दी थी और 14 मार्च 2023 को युवा कल्याण विभाग ने शासनादेश जारी किया था। ऐसे में मोहम्मदी और पसगवां के युवाओं को भी इस योजना का लाभ दिलाने के लिए स्थानीय स्तर पर पहल की आवश्यकता है।

गौरव गुप्ता के प्रस्ताव के अनुसार मोहम्मदी विधानसभा क्षेत्र में छह स्थानों पर स्टेडियम विकसित किए जाएं। इनमें मझीगवां, मोहम्मदी, बरबर, पसगवां, भिलांवा (74 बाजार) और जंगबहादुरगंज शामिल हैं। प्रस्ताव में मोहम्मदी में एक बड़ा आधुनिक विधानसभा स्तरीय स्टेडियम बनाने तथा शेष पांच स्थानों पर ग्रामीण मिनी स्टेडियम विकसित करने की बात कही गई है।

उन्होंने इन स्टेडियमों में ओपन जिम, फिटनेस सुविधाएं, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल और फुटबॉल के मैदान विकसित करने के साथ नियमित ग्रामीण खेल प्रतियोगिताएं आयोजित कराने और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रशिक्षण उपलब्ध कराने का सुझाव दिया है।

गौरव गुप्ता ने कहा कि ग्राम पंचायतों में उपलब्ध भूमि का चिह्नांकन कर प्रस्ताव तैयार किए जाने चाहिए। इसके बाद बजट स्वीकृति और निर्माण की प्रक्रिया समयबद्ध ढंग से पूरी होनी चाहिए। उनका कहना है कि केवल योजनाएं बनाने से उद्देश्य पूरा नहीं होगा, बल्कि उनका लाभ गांव के अंतिम युवा तक पहुंचना जरूरी है।

उन्होंने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और नागरिकों से इस पहल में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि खेल सुविधाओं का विस्तार ग्रामीण युवाओं को स्वस्थ, अनुशासित और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है।

Related Articles

Back to top button
Close