उत्तर प्रदेशउत्तराखंडराज्यसमग्र समाचार

अवध और देवभूमि की संस्कृति का संगम, उत्तराखण्ड महोत्सव में सीएम योगी ने किया ‘उत्तराखण्ड दर्पण’ का विमोचन

प्रो. विजय प्रसाद डिमरी और लोकगायिका वीणा तिवारी को ‘उत्तराखण्ड गौरव सम्मान-2026’ से किया सम्मानित

लखनऊ, 11 नवम्बर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि लखनऊ में आयोजित उत्तराखण्ड महोत्सव अवध की समृद्ध संस्कृति और देवभूमि उत्तराखण्ड की गौरवशाली परम्पराओं के अद्भुत संगम का मंच है। ऐसे आयोजन लोकसंस्कृति, लोककला, खान-पान और पारम्परिक विरासत को संरक्षित करने के साथ नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बनते हैं।

मुख्यमंत्री बुधवार को उत्तराखण्ड महापरिषद की ओर से आयोजित उत्तराखण्ड महोत्सव-2026 में शामिल हुए। उन्होंने भगवान श्री बद्री विशाल की आरती कर प्रदेश एवं देश की सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर पद्मश्री से सम्मानित भौतिक वैज्ञानिक प्रो. विजय प्रसाद डिमरी और सुप्रसिद्ध लोकगायिका वीणा तिवारी को ‘उत्तराखण्ड गौरव सम्मान-2026’ प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने ‘उत्तराखण्ड दर्पण-2026’ स्मारिका का विमोचन करने के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का अवलोकन भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड महापरिषद पिछले 78 वर्षों से लखनऊ में महोत्सव का आयोजन कर रही है। संस्था ने तमाम चुनौतियों के बावजूद उत्तराखण्ड की लोकपरम्पराओं, लोकगायन, रीति-रिवाजों और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का सराहनीय कार्य किया है। महोत्सव में लगाए गए स्टॉल उत्तराखण्ड के पारम्परिक खान-पान और सांस्कृतिक विशेषताओं को प्रदर्शित करने के साथ नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ रहे हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि पं. गोविन्द बल्लभ पंत उपवन उत्तराखण्ड के कार्यक्रमों के लिए उपलब्ध रहेगा और यहां सांस्कृतिक आयोजन निरन्तर होते रहेंगे।

उत्तराखण्ड की सैनिक परम्परा देश की धरोहर

मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड को प्राकृतिक सौंदर्य और आध्यात्मिक विरासत के साथ राष्ट्रभक्ति, त्याग और बलिदान की भूमि बताया। उन्होंने वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली के साहस का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने निर्दोष भारतीयों पर गोली चलाने के ब्रिटिश आदेश को मानने से इनकार कर दिया था। भारत के प्रथम चीफ ऑफ डिफेन्स स्टाफ जनरल बिपिन रावत का देश की सुरक्षा में योगदान अविस्मरणीय है। जनरल अनिल चौहान ने भी सैन्य सेवाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, जबकि राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल का जन्म भी उत्तराखण्ड में हुआ।

उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड की सैनिक परम्परा इतनी समृद्ध है कि वहां लगभग प्रत्येक परिवार का कोई न कोई सदस्य सेना में सेवा करता है। भगवान श्रीराम के संकल्प ‘निसिचर हीन करहुँ, महि भुज उठाई पन कीन्ह’ से प्रेरणा लेकर उत्तराखण्ड का युवा विषम परिस्थितियों में भी देश की सीमाओं की रक्षा के लिए तत्पर रहता है। देश की सुरक्षा के सामने आने वाली चुनौतियां किसी एक क्षेत्र की नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र की सामूहिक चुनौती होती हैं।

पारम्परिक खान-पान को मिले वैश्विक पहचान

मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड के पारम्परिक व्यंजनों की पौष्टिकता का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां के स्थानीय खाद्य पदार्थ ऑर्गेनिक होने के साथ विटामिन और प्रोटीन से भरपूर हैं। उचित ब्रांडिंग, प्रचार-प्रसार और वैज्ञानिक शोध के माध्यम से इन्हें देश-दुनिया में नई पहचान दिलाई जा सकती है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा मिलेट्स को प्रोत्साहित किए जाने के बाद आज लोग कोदो, झंगोरा, मंडुवा और अन्य पारम्परिक अनाजों के महत्व को समझ रहे हैं।

उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार की ‘एक जनपद-एक व्यंजन’ योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन कुजीन’ के माध्यम से स्थानीय एवं पारम्परिक व्यंजनों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने उत्तराखण्ड से जुड़े संगठनों से लोककलाकारों को मंच देने तथा उत्तर प्रदेश के नवोदित कलाकारों को भी इन आयोजनों से जोड़ने का आह्वान किया।

साझी सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखना हम सभी का दायित्व

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड की धार्मिक एवं आध्यात्मिक विरासत पूरे देश की साझा धरोहर है। गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ, बदरीनाथ, पंचकेदार और पंचप्रयाग जैसे तीर्थस्थल भारतीय संस्कृति और आस्था के महत्वपूर्ण केन्द्र हैं। कैंची धाम, गोलू देवता, नन्दा देवी, महासू देवता और जागेश्वर धाम जैसे धार्मिक स्थल उत्तराखण्ड की विशिष्ट पहचान हैं। उन्होंने कहा कि इन परम्पराओं को संरक्षित कर अगली पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।

उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को स्मरण करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में उत्तराखण्ड राज्य का गठन हुआ था। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड विकास और विरासत की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। दोनों राज्यों की साझा सांस्कृतिक विरासत और विकास की सम्भावनाओं को आगे बढ़ाने के लिए आपसी सहयोग आवश्यक है।

विकसित भारत के लिए प्रत्येक नागरिक निभाए अपनी जिम्मेदारी

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के पंच प्रण का उल्लेख करते हुए कहा कि अपनी विरासत पर गौरव, गुलामी की मानसिकता से मुक्ति, सेना एवं सुरक्षा बलों के प्रति सम्मान, सामाजिक एकता और नागरिक कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन विकसित भारत के निर्माण के आधार हैं। इन संकल्पों को केवल विचारों तक सीमित न रखकर जीवनशैली का हिस्सा बनाना होगा।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश कभी बीमारू राज्य के रूप में जाना जाता था, लेकिन आज प्रदेश देश की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। अयोध्या में दीपोत्सव, काशी का विकास और प्रदेश में भव्य एवं दिव्य आयोजनों ने सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान दी है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का निर्माण राष्ट्र रूपी यज्ञ है, जिसमें प्रत्येक व्यक्ति और परिवार को अपनी सामर्थ्य के अनुसार योगदान देना होगा।

मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड महोत्सव के सफल आयोजन के लिए महापरिषद के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सरकार उत्तराखण्ड से जुड़े सभी लोगों के साथ है और उनकी सांस्कृतिक परम्पराओं को आगे बढ़ाने में पूरा सहयोग प्रदान किया जाएगा।

कार्यक्रम को उत्तराखण्ड महापरिषद के अध्यक्ष हरीश चन्द्र पंत ने भी सम्बोधित किया। इस अवसर पर विधायक ओपी श्रीवास्तव, पूर्व मंत्री एवं पूर्व सांसद प्रो. रीता बहुगुणा जोशी, मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश कुमार अवस्थी सहित उत्तराखण्ड महापरिषद के पदाधिकारी, सदस्य एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
Close