उत्तर प्रदेशपंजाबब्रेकिंग न्यूज़राज्यलखनऊसमग्र समाचार

बलरामपुर को पर्यटन के नए केंद्र के रूप में विकसित करने की तैयारी, 8.97 करोड़ होंगे खर्च

देवीपाटन धाम से थारू संग्रहालय तक चार स्थलों का होगा कायाकल्प, स्थानीय रोजगार के खुलेंगे अवसर

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार बलरामपुर को धार्मिक, ऐतिहासिक और ग्रामीण पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में कदम बढ़ा रही है। इसके लिए जिले में 8.97 करोड़ रुपये की लागत से चार प्रमुख पर्यटन विकास परियोजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन परियोजनाओं के माध्यम से धार्मिक स्थलों पर सुविधाओं का विस्तार, ऐतिहासिक परिसरों का जीर्णोद्धार और जनजातीय संस्कृति को पर्यटन से जोड़ने की योजना है।

भारत-नेपाल सीमा से सटे बलरामपुर में मां पाटेश्वरी देवीपाटन धाम, ऐतिहासिक मंदिरों और थारू जनजाति की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इन परियोजनाओं का उद्देश्य पर्यटकों और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाना भी है।

परियोजनाओं में सबसे अधिक 443.04 लाख रुपये तुलसीपुर नगर पंचायत के विकास पर खर्च किए जा रहे हैं। यहां स्थित सिद्ध शक्तिपीठ मां पाटेश्वरी देवीपाटन धाम में देश के विभिन्न हिस्सों के साथ नेपाल से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। परियोजना के तहत प्रमुख संपर्क मार्गों का सौंदर्यीकरण, पथ प्रकाश, जल निकासी, फुटपाथ, प्रवेश द्वार और विश्राम स्थलों का विकास किया जा रहा है।

इसी तरह गनवरिया क्षेत्र के विकास के लिए 337.42 लाख रुपये की परियोजना स्वीकृत की गई है। इसके तहत प्राचीन शिव मंदिर परिसर, ऐतिहासिक कुंडों और अन्य स्थलों का जीर्णोद्धार किया जा रहा है। श्रद्धालुओं के लिए प्रतीक्षालय, पेयजल, स्वच्छता परिसर, हरित क्षेत्र और प्रकाश व्यवस्था विकसित की जाएगी।

गिधरैया तहसील स्थित मंदिर के सौंदर्यीकरण और जनसुविधाओं के विस्तार पर 91.21 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसके अंतर्गत मंदिर परिसर का संरक्षण, पक्के प्रांगण, प्रकाश व्यवस्था, चहारदीवारी और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कतार प्रबंधन प्रणाली विकसित की जाएगी।

वहीं, पचपेड़वा विकासखंड के इमिलिया कोड़र गांव में 25.93 लाख रुपये की परियोजना के माध्यम से ग्रामीण और पर्यावरण पर्यटन को बढ़ावा दिया जा रहा है। थारू जनजाति की संस्कृति और परंपराओं को पर्यटकों से परिचित कराने के लिए सामुदायिक पर्यटन मंच, जनसुविधाएं और व्याख्या केंद्र विकसित किए जा रहे हैं।

इन चारों परियोजनाओं से बलरामपुर में धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को एक सर्किट के रूप में विकसित करने की संभावनाएं बढ़ेंगी। इसका लाभ स्थानीय होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा, परिवहन और हस्तशिल्प से जुड़े कारोबारियों को मिलने की उम्मीद है। साथ ही युवाओं को टूरिस्ट गाइड, हॉस्पिटैलिटी और पर्यटन सेवाओं से जुड़ने का अवसर मिलेगा। महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों और पारंपरिक व्यंजनों को भी नए बाजार मिल सकेंगे।

सरकार की इस पहल से बलरामपुर की सांस्कृतिक पहचान को नई मजबूती मिलने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार के अवसरों को भी गति मिलने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button
Close