उत्तर प्रदेशपंजाबब्रेकिंग न्यूज़राज्यलखनऊसमग्र समाचार

देव दीपावली की तैयारियों की CM योगी ने की समीक्षा, काशी में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

देव दीपावली पर काशी में जगमगाएंगे 11 लाख से अधिक दीप, सुरक्षा से लेकर स्वच्छता तक अभूतपूर्व इंतजाम

मुख्यमंत्री योगी ने की तैयारियों की समीक्षा, 20 से 25 नवंबर तक चलेगा विशेष स्वच्छता अभियान; घाटों पर लेजर, ड्रोन शो और ग्रीन आतिशबाजी बनेगी आकर्षण

लखनऊ, 11 नवंबर। काशी की विश्वप्रसिद्ध देव दीपावली को भव्य, दिव्य और सुरक्षित बनाने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आगामी 24 नवंबर को आयोजित होने वाले इस महापर्व पर वाराणसी के सभी पक्के घाटों, गंगा के रेतीले तट और शहर के 100 से अधिक कुंडों पर 11 लाख से ज्यादा दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को अपने सरकारी आवास पर उच्चस्तरीय बैठक कर गंगा महोत्सव और देव दीपावली की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि काशी आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुरक्षा, सुविधा और आतिथ्य का बेहतर अनुभव मिलना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देव दीपावली केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि काशी की सांस्कृतिक पहचान और गौरवशाली परंपरा का प्रतीक है। इस पर्व पर देश-विदेश से लाखों लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए भीड़ प्रबंधन, यातायात, नावों के संचालन, स्वास्थ्य सेवाओं और स्वच्छता की व्यवस्थाओं में किसी तरह की लापरवाही न हो।

इस वर्ष 20 से 23 नवंबर तक नमो घाट पर गंगा महोत्सव आयोजित किया जाएगा। चार दिवसीय आयोजन में प्रतिदिन सांस्कृतिक संध्याएं होंगी। मुख्यमंत्री ने स्थानीय कलाकारों को विशेष प्राथमिकता देने को कहा, ताकि काशी की कला, संस्कृति और लोक परंपराओं को व्यापक मंच मिल सके। दीपोत्सव में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार दीपकों को भी शामिल किया गया है, जिससे महिला स्वावलम्बन को बढ़ावा मिलेगा।

देव दीपावली की शाम गंगा के सभी घाट दीपों की रोशनी से आलोकित होंगे। दशाश्वमेध घाट पर विश्वप्रसिद्ध गंगा महाआरती के बाद चेत सिंह घाट पर प्रोजेक्शन एवं लेजर शो आयोजित किया जाएगा। वहीं दशाश्वमेध और अस्सी घाट के सामने ड्रोन शो तथा काशी विश्वनाथ धाम घाट के सामने ग्रीन आतिशबाजी का प्रदर्शन होगा।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि आयोजन का उल्लास केवल गंगा घाटों तक सीमित न रहे, बल्कि पूरे काशी क्षेत्र में उत्सव का वातावरण दिखाई दे। इसके लिए ग्रामीण इलाकों के साथ सारनाथ, मार्कण्डेय महादेव मंदिर, शूलटंकेश्वर मंदिर और प्रमुख कुंडों पर भी विशेष दीपोत्सव की व्यवस्था की जाएगी। 24 नवंबर को गुरु नानक जयंती के मद्देनजर गुरुद्वारों में लंगर, कीर्तन और संगत के लिए भी आवश्यक प्रबंध करने को कहा गया है।

सुरक्षा के लिए 10 जोन और 21 सेक्टर में बंटेगा घाट क्षेत्र

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को बहुस्तरीय बनाया गया है। पूरे घाट क्षेत्र को 10 जोन, 21 सेक्टर और 36 सब-सेक्टर में विभाजित किया गया है। निगरानी के लिए 27 वॉच टावर, ड्रोन कैमरे और त्वरित प्रतिक्रिया दल तैनात रहेंगे। 21 प्रमुख घाटों पर एंटी रोमियो स्क्वॉड की व्यवस्था होगी। इसके अलावा निजी गोताखोरों, जल पुलिस और पर्यटक पुलिस को भी सक्रिय रखा जाएगा। श्रद्धालुओं की मदद के लिए 11 खोया-पाया केंद्र बनाए जाएंगे।

नावों के संचालन के लिए बनेगी टू-वे व्यवस्था

गंगा में नावों की आवाजाही को व्यवस्थित करने के लिए नमो घाट से अस्सी घाट के बीच फ्लोटिंग वॉटर जेट्टी के माध्यम से टू-वे लेन तैयार की गई है। इसके तहत नावें नमो घाट से अस्सी घाट की ओर जाएंगी और नदी के सामने वाले रेतीले हिस्से से वापस नमो घाट लौटेंगी। नदी में डीजल चालित और दूसरे जनपदों से आने वाली बाहरी नावों के संचालन पर रोक रहेगी। एनडीआरएफ, फ्लड पीएसी, जल पुलिस और वॉटर एम्बुलेंस राहत एवं बचाव कार्य के लिए तैनात रहेंगी। चेत सिंह घाट पर फ्लोटिंग रेस्क्यू स्टेशन भी सक्रिय रहेगा।

यातायात और चिकित्सा के लिए विशेष इंतजाम

शहर में यातायात का दबाव कम करने के लिए सीमावर्ती जिलों से आने वाले भारी वाहनों हेतु सात प्रमुख डायवर्जन प्वाइंट बनाए गए हैं। शहर के भीतर 31 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था होगी। भीड़भाड़ वाले मार्गों पर ऑटो और ई-रिक्शा का संचालन प्रतिबंधित रहेगा। किसी भी आपात स्थिति में मरीजों को शीघ्र अस्पताल पहुंचाने के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर, सर सुंदरलाल अस्पताल और पंडित दीनदयाल अस्पताल सहित प्रमुख सरकारी एवं निजी अस्पतालों को जोड़कर ग्रीन कॉरिडोर तैयार किया जाएगा।

दीपदान के बाद रात में ही होगी घाटों की सफाई

मुख्यमंत्री ने 20 से 25 नवंबर तक पूरे शहर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि देव दीपावली की रात दीपदान पूरा होते ही घाटों की सफाई शुरू करा दी जाए, ताकि अगले दिन सुबह गंगा स्नान के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी न हो। घाटों पर सफाईकर्मियों के साथ मोबाइल शौचालय, चेंजिंग रूम और पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने टैक्सी, होटल और रेस्टोरेंट संचालकों से संवाद कर यह सुनिश्चित करने को कहा कि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को निर्धारित और उचित मूल्य पर सेवाएं मिलें। उन्होंने आयोजन में स्थानीय नागरिकों की अधिकाधिक भागीदारी पर जोर देते हुए कहा कि काशी आने वाला हर श्रद्धालु यहां से सुखद और अविस्मरणीय अनुभव लेकर लौटे। इसके लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभानी होगी।

Related Articles

Back to top button
Close