बनी-मोहान मार्ग ने लील ली एक और जिंदगी

बनी-मोहान मार्ग ने लील ली एक और जिंदगी
देश के रक्षामंत्री के गोद लिए गांवों को जोड़ने वाले बनी-मोहान मार्ग पर सुरक्षित आवागमन के लिए आजतक सड़क को दुरुस्त नही कर सका है जिला प्रशासन
साल भर में दर्जनों जिंदगियां लील जाता है लखनऊ के यह सबसे अधिक दुर्घटना बाहुल्य मार्ग
राहुल तिवारी
लखनऊ। सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र के बेंती गाँव जिसे स्वयं देश के रक्षामंत्री व लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह ने सांसद आदर्श ग्राम योजना के तहत गोद ले रखा है वहीं के व आसपास के गांवों के ग्रामीणों को प्रशासन सुरक्षित आवागमन के लिए सही मार्ग तक नही उपलब्ध करा पा रहा है।
लखनऊ-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े बनी-मोहन मार्ग पर सड़क के दोनों ओर पट्टी बनवाने की मांग सालों से हो रही है ताकि इस मार्ग पर आए दिन होने वाली सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को रोक जा सके पर जिम्मेदार घटना के समय तो भरोसा दिलाते हैं पर बाद में फिर मामला ठंडे बस्ते में चला जाता है।आलम यह है कि बनी-मोहान मार्ग को यदि लखनऊ के सबसे अधिक दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्र माना जाए तो कोई आश्चर्य नही होगा। गुरुवार शाम को हुए हादसे में भी एक युवक की जान चली गयी जबकि दूसरा अभी भी जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है। मृतक उसी बेंती गांव का रहने वाला था जिसे देश के रक्षामंत्री ने गोद ले रखा है।
गौरतलब हो कि भाजपा सरोजनीनगर मंडल के बूथ अध्यक्ष संजीव शुक्ला 45 वर्ष की गुरूवार की देर शाम नौकरी करके घर वापस लौट रहे थे पर उन्हें नही पता था कि शायद आज वह अपने घरवालों से मिलतक नही पाएंगे। बनी मोहान मार्ग पर दो बाइक की आमने सामने से हुई भिड़ंत में संजीव की दर्दनाक मौत हो गयी और उनके घर पहुंची उनकी मौत की खबर।
इस खबर से पूरे बेंती गांव में मातम का माहौल हो गया। मानों हर कोई सहम सा गया और कुछ देर तो लोगों को मानों यकीन ही नहीं हुआ सुबह होते ही भारतीय जनता पार्टी सरोजनीनगर के पदाधिकारियों को भी इसकी जानकारी मिली और क्या नेता और कार्यकर्ता हर कोई अपने बूथ अध्यक्ष के अन्तिम दर्शन करने के लिए उनके घर पर पहुंचने लगा। भारतीय जनता पार्टी सरोजनीनगर मंडल के भाजपा के मंडल अध्यक्ष मुकेश शर्मा, वरिष्ठ भाजपा नेता राजेश सिंह चौहान, भाजपा सैनिक प्रकोष्ठ के जिला संयोजक मनोज सिंह चौहान, पूर्व प्रधान भौकापुर संन्तोष कुमार, पूर्व प्रधान विकास साहू, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य अतुल सिंह माखन, पारख महासंघ सरोजनीनगर विधानसभा के अध्यक्ष विरेंद्र रावत, भाजपा मंडल महामंत्री सोनू त्रिवेदी, देवेश कुमार पांडे मोनू सहित तमाम लोगों ने भाजपा बूथ अध्यक्ष बेंती संजीव शुक्ला के घर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
संजीव शुक्ला किसान थे व प्राइवेट नौकरी करके अपना जीवन यापन करते थे। संजीव शुक्ला के परिवार में पत्नी आशना व दो बच्चे आकाश -10 वर्ष व युवराज 7 वर्ष है। भाजपा नेता राजेश सिंह चौहान ने संजीव शुक्ला के परिवार को हर सम्भव मदद का भरोसा दिलाया। राजेश सिंह ने कहा कि इस सम्बन्ध में उन्होंने विधायक राजेश्वर सिंह से भी बात की है।




