दुधमुंहे बच्चे को छोड़ मायके गई मां, थाने पहुंचा बेबस पिता

तीन दिन के मासूम को गोद में लेकर थाने पहुंचा पिता, पुलिस की काउंसलिंग के बाद पसीजा मां का दिल—बच्चे को सीने से लगाकर पति के साथ घर लौटी महिला
समग्र चेतना/ राहुल तिवारी
मोहनलालगंज।मोहनलालगंज क्षेत्र के डेबरिया गांव निवासी अरविंद की शादी करीब एक वर्ष पहले गोसाईगंज निवासी रीता से हुई थी। तीन दिन पहले ही उनके घर बेटे का जन्म हुआ था और परिवार में खुशियां छाई थीं। लेकिन पति-पत्नी के बीच बढ़ी आपसी कड़वाहट ने इस खुशी को अचानक गम में बदल दिया।
बुधवार तड़के करीब एक बजे रीता अपने तीन दिन के दूधमुंहे बच्चे को घर में रोता छोड़कर नाराज होकर मायके चली गई।मां के चले जाने के बाद मासूम भूख और मां की ममता के लिए बिलखता रहा। परेशान पिता अरविंद ने पत्नी को कई बार फोन किया और संदेश भेजकर बच्चे की दुहाई दी, लेकिन बात नहीं बनी। आखिरकार वह बिलखते मासूम को गोद में लेकर मोहनलालगंज थाने पहुंचा और पुलिस से मदद की गुहार लगाई।
बच्चे को गोद में लेकर थाने पहुंचे पिता को देखकर पुलिसकर्मी भी भावुक हो गए।मामले की गंभीरता को देखते हुए इंस्पेक्टर रामबाबू सिंह ने तत्काल महिला को थाने बुलवाया। कुछ देर बाद रीता थाने पहुंची। तीन दिन के अपने मासूम को बिलखता देख उसका दिल पसीज गया।
उसने दौड़कर बच्चे को गोद में उठा लिया और सीने से लगा लिया। मां का आंचल मिलते ही काफी देर से रो रहा मासूम शांत हो गया। यह भावुक दृश्य देखकर थाने में मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।इंस्पेक्टर रामबाबू सिंह ने बताया कि पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर मनमुटाव हुआ था, जिसके बाद महिला नाराज होकर मायके चली गई थी।
पुलिस ने दोनों पक्षों की काउंसलिंग कर उन्हें समझाया और महिला को नवजात बच्चे की देखभाल व जिम्मेदारी का एहसास कराया। इसके बाद महिला अपने पति और मासूम बच्चे के साथ खुशी-खुशी घर लौट गई।



