वही स्थान सबसे अधिक पल्लवित एवं पुलकित होता है जहां महिलाओं को सुरक्षा एवं संरक्षा मिलती है:डीसीपी दक्षिणी

वही स्थान सबसे अधिक पल्लवित एवं पुलकित होता है जहां महिलाओं को सुरक्षा एवं संरक्षा मिलती है:डीसीपी दक्षिणी
महिलाओं को सुरक्षित एवं संरक्षित रखने का एहसास कराने एवं महिला सशस्तीकरण अभियान तहत महिला पुलिसकर्मियों द्वारा निकाली गई रैली
राहुल तिवारी
लखनऊ। वही स्थान सबसे अधिक पल्लवित एवं पुलकित होता है जहां महिलाओं को सुरक्षा एवं संरक्षा मिलती है और महिलाओं को सुरक्षित रखने वाला समाज ही आगे बढ़ता है। उक्त विचार शुक्रवार को महिला पुलिसकर्मियों द्वारा निकली गयी रैली को हरी झंडी दिखाने से पूर्व उन्हें संबोधित करते हुए पुलिस उपायुक्त राहुल राज ने व्यक्त किये।
पुलिस उपायुक्त राहुल राज ने कहा कि पुलिस विभाग भी महिलाओं की सुरक्षा के लिए कटिबद्ध व पूर्णतः समर्पित है। डीसीपी राहुल राज शुक्रवार को शासन के निर्देश पर महिलाओं को सुरक्षित एवं संरक्षित रखने का एहसास कराने एवं महिला सशस्तीकरण अभियान तहत महिला पुलिसकर्मियों द्वारा निकाली गई रैली को हरी झंडी दिखाने से पहले सरोजनीनगर की बनी ग्राम पंचायत में आयोजित गोष्ठी को सम्बोधित कर रहे थे।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि लखनऊ पुलिस की महिला विंग समाज को यह एहसास कराने निकली है कि वह भी समाज का एक अभिन्न अंग है। उन्होंने कहा कि यह रैली महिलाओं को सुरक्षा एवं संरक्षा का आभास कराने के लिए निकली गई है और इस रैली के माध्यम से महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा। जिससे वह अपने खिलाफ होने वाले अन्याय के प्रति आवाज उठा सके।
इस मौके पर प्रभारी निरीक्षक बंथरा डा0 आशीष कुमार मिश्रा द्वारा महिला सशक्तिकरण और समाज में बेटियों को अच्छी शिक्षा दिलाकर आगे बढ़ाने की अपील करने के साथ ही महिला अपराध, छेड़खानी, बच्चों के विरुद्ध अपराध, घरेलू हिंसा के विषय में जानकारी दी गई। इस मौके पर एसीपी कृष्णानगर विनय कुमार द्विवेदी, एसीपी महानगर नेहा त्रिपाठी सहित कई पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
इनसेट-मुख्यमंत्री योगी ने किया था शुभारंभ
उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश में बीजेपी सरकार के एक वर्ष पूरे होने पर नवरात्रि के पहले दिन यानी 22 मार्च को महिला सशक्तिकरण रैली का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बलरामपुर के देवी पाटन मंदिर तुलसीपुर से हरी झंडी दिखाकर किया था। यह रैली दो हिस्सो में संचालित की जा रही है।
महिलाओं को स्वावलम्बी व उनके अपने अधिकारों के प्रति जागरूक किए जाने हेतु 24 विभागों को सम्मिलित किया गया है। यह रैली चैत्र नवरात्रि के पहले दिन शुरू हुई थी और अष्टमी को सम्पन्न होगी।