सीएम के आदेशों को ठेंगा: अवैध बस स्टैंडों के संचालन ने युवक को किया बुरी तरह जख्मी

सीएम के आदेशों को ठेंगा: अवैध बस स्टैंडों के संचालन ने युवक को किया बुरी तरह जख्मी, इमरजेंसी गेट खुला होने से चलती बस से गिरा यात्री,,
जालौन। प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री के कड़े निर्देशों के बावजूद क्षेत्र में अवैध बस स्टैंडों और डग्गामार स्लीपर बसों का संचालन जिम्मेदारों के संरक्षण में बेखौफ जारी है। सुरक्षा मानकों को ताक पर रखकर चलने वाली इन अवैध बसों के सिंडिकेट के चलते देवनगर चौराहे पर एक गंभीर हादसा सामने आया है। मोहल्ला चुर्खीवाल निवासी सुबोध कुमार प्रजापति ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका भतीजा अमन प्रजापति बीती 21 अक्टूबर की रात करीब सवा नौ बजे दिल्ली जाने के लिए देवनगर चौराहे से फौजी ट्रेवल्स की स्लीपर बस में सवार हुआ था। बस कर्मियों की घोर लापरवाही के चलते अमन को इमरजेंसी गेट के बगल वाली सीट दी गई थी, जिसका लॉक खुला था और उस पर पर्दा पड़ा हुआ था।
देवनगर चौराहे से बस कुछ ही दूर आगे बढ़ी थी कि चालक ने अचानक जोरदार ब्रेक लगा दिया। झटका लगते ही अमन खुले इमरजेंसी गेट से सीधे पक्की सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। सिर में गंभीर चोट आने पर उसे तत्काल स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उसे उच्च संस्थान रेफर कर दिया।
स्वास्थ्य में सुधार न होने पर परिजन उसे फरीदाबाद के एक अस्पताल में ले गए हैं, जहां उसका उपचार चल रहा है। वहीं स्थानीय नागरिकों का कहना है कि शासन की रोक के बावजूद अवैध बस स्टैंड का धड़ल्ले से चलना संबंधित अधिकारियों की घोर लापरवाही को दर्शाता है। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी बस और चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।




