चंद्रघंटा माता का पूजन कर भक्तों ने मांगा आशीर्वाद

महमूदाबाद/सीतापुर। वासंतिक नवरात्र के पावन मौके पर भक्तों ने तीसरे दिन देवी भगवती के चंद्रघंटा स्वरूप का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया गया। नगर के प्रसिद्ध संकटा देवी मंदिर पर भक्तों ने मुंडन, बेटियों की दिखाई जैसे मांगलिक कार्य सम्पन्न कराते हुए संकटा मां के दर्शन किए और मनौती का प्रसाद चढ़ाया।
नवरात्र के अवसर पर मां संकटा देवी मंदिर का 15 दिवसीय मेले का आयोजन चल रहा है। हजारों लोग पूरे नवरात्र का उपवास कर देवी जी की कृपा प्राप्त करने का विधान कर रहे हैं। देवी मंदिरों पर सुबह चार बजे से ही भक्तों का आवागमन शुरू हो जाता है। लोग तमाम मांगलिक कार्य नवरात्र में पूर्ण कर लेना चाहते हैं। लोगों का मानना है कि नवरात्र के दिन सबसे शुभ दिन होते हैं। इसमें किसी विचार की आवश्यकता नहीं होती।
देवी दिन होने के कारण क्षेत्रभर से आए मां के भक्तों ने अपने पाल्यों का संकटा देवी मंदिर में मुंडन संस्कार सम्पन्न कराया। संकटा देवी मंदिर में वर्तमान में बस्ती जिले में तैनात एसडीएम गिरीश झा समेत बहराइच, बाराबंकी, सीतापुर, बिसवां, लहरपुर, तम्बौर सहित कई अन्य क्षेत्रों से भक्तों के आगमन रहा। मंदिर प्रबंध समिति के सदस्यों के द्वारा मंदिर परिसर में प्रवेश देने के साथ मां के दर्शन कराये गये। शान्ति व्यवस्था के लिए अधिकारियों ने प्रभावी बन्दोंबस्त किया है। शुक्रवार को पूरे दिन भोर से ही महामाई के भक्तों का मां संकटा देवी के दरबार में आना-जाना लगा रहा। शायं सात बजे से होने वाली महाआरती में बड़ी संख्या में मां के भक्तों ने हिस्सा लिया।